₹2.50 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद*
प्रयागराज । यात्रियों की सुरक्षा एवं ट्रेनों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सतत अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में दिनांक 27 जुलाई, 2026 को रेलवे सुरक्षा बल, मिर्जापुर, राजकीय रेलवे पुलिस, मिर्जापुर तथा सीआईबी आरपीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए ट्रेनों में सक्रिय अंतरराज्यीय सांसी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से लगभग ₹2.50 लाख मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की।
संयुक्त टीम ने प्राप्त सूचना के आधार पर पूर्व से चिन्हित सांसी गैंग के सदस्यों को गाड़ी संख्या 13202, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-राजगीर एक्सप्रेस के मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर कोच संख्या बी-2 में यात्रा कर रहे सुरेन्द्र राजपूत पुत्र रणधीर सिंह, जॉनी पुत्र रतन राजपूत, मुकेश कुमार पुत्र ओम प्रकाश तथा सुरेन्द्र पुत्र दीपचन्द को हिरासत में ले लिया । उक्त सभी अभियुक्त रोहतक, हरियाणा के निवासी हैं । तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन, पीली धातु की दो अंगूठियां, सफेद धातु की तीन पायल तथा ₹4,900 नकद बरामद किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹2.50 लाख है।
उक्त अभियुक्त ट्रेनों में यात्रियों के ट्रॉली बैग को सूजे की सहायता से बिना बाहरी क्षति पहुंचाए खोलकर उसमें रखे मोबाइल फोन, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे तथा बाद में बैग को पुनः बंद कर देते थे, जिससे यात्रियों को चोरी का पता काफी देर बाद चलता था।
उक्त अभियुक्त चारों अभियुक्तों के विरुद्ध जीआरपी चारबाग, मानिकपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज एवं फतेहपुर सहित विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों के कुल 28 अभियोग पूर्व से दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु जीआरपी मिर्जापुर के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही बरामद संपत्ति के संबंध में संबंधित थानों को सूचित कर अन्य घटनाओं के अनावरण एवं अतिरिक्त बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त अभियान के माध्यम से अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के सक्रिय सदस्यों की गिरफ्तारी एवं चोरी की संपत्ति की बरामदगी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
