एसडीएम ने म्योरपुर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

  साफ-सफाई पर जताई नाराजगी, स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी

म्योरपुर,सोनभद्र। उपजिलाधिकारी दुद्धी रवि कुमार पासवान ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  म्योरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर और पुरानी ओपीडी का जायजा लिया। परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने दवा वितरण काउंटर पर पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और पूछा कि कहीं उन्हें बाहर की दवाएं तो नहीं लिखी जा रही हैं। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल से ही दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं के लिए बने एसएनसीयू  कक्ष पर ताला लगा देख इसके बंद होने का कारण पूछा। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि चिकित्सकों की कमी के कारण फिलहाल यह इकाई संचालित नहीं हो पा रही है। आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण की स्थिति, प्रसूता महिलाओं की सुरक्षित डिलीवरी तथा ऑपरेशन संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। अस्पताल के तकनीशियन दीपक कुमार ने बताया कि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के अभाव में वर्तमान में ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने दंत विभाग का भी निरीक्षण किया, जहां चिकित्सक ने बताया कि आने वाले मरीजों का नियमित और समुचित उपचार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने उपस्थिति पंजिका भी जांची, जिसमें दो चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *