गाजे बाजे के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की बहुदा यात्रा,सैकड़ो श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

Spread the love

बीजपुर/सोनभद्र। रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर समिति एवं रिहंद पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का समापन भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की पावन बहुदा यात्रा के साथ श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। गुंडिचा मंदिर (कल्याण केंद्र) से रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर तक निकली शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान का रथ खींचकर पुण्य अर्जित किया।

ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की मधुर धुनों के बीच निकली यात्रा में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जी.सी. साहू ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति में सेवा, समरसता, प्रेम और मानवता का संदेश देती है। परियोजना प्रमुख एवं पारंपरिक राजा की भूमिका निभाने वाले कार्यकारी निदेशक संजय असाटी ने भगवान जगन्नाथ से देश, प्रदेश और समस्त जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की प्रार्थना की।

शोभायात्रा में महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी, महाप्रबंधक प्रणय कुमार नायक, मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, एन.एस. कोरंगा, अमित सिक्दर, जी.सी. साहू, सुनील बास्के, आर.एन. वर्मा, प्रमोद द्विवेदी, शशांक मालवीय, संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी अनंत मोहन, बीएमसी अध्यक्ष राकेश राय, महामंत्री एस.एन. पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समापन अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी एवं रिहंद पूजा समिति ने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *