बेंगलुरु, । हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और फ्रांस की अग्रणी एयरो इंजन निर्माता कंपनी Safran Aircraft Engines ने फार्नबरो इंटरनेशनल एयरशो-2026 में CFM LEAP इंजन कार्यक्रम के लिए सुपरएलॉय टरबाइन रिंग फोर्जिंग के उत्पादन और आपूर्ति हेतु एक दीर्घकालिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते के तहत HAL के बेंगलुरु स्थित फाउंड्री एंड फोर्ज डिवीजन की अत्याधुनिक रिंग रोलिंग सुविधा में LEAP इंजन के लिए नियर-नेट शेप सुपरएलॉय टरबाइन रिंग फोर्जिंग का निर्माण किया जाएगा। ये उच्च तापमान पर कार्य करने वाले एयरो इंजन के घूर्णन भाग के अत्यंत महत्वपूर्ण घटक हैं, जो इंजन की कार्यक्षमता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हैं।
इस समझौते पर HAL के फाउंड्री एंड फोर्ज डिवीजन के महाप्रबंधक प्रवीण बी तथा Safran Aircraft Engines के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (परचेजिंग) डोमिनिक ड्यूपुई ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर HAL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रवि के. तथा बेंगलुरु कॉम्प्लेक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयकृष्णन एस. भी उपस्थित रहे।
HAL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रवि के. ने कहा कि HAL और Safran के बीच कई दशकों से मजबूत और भरोसेमंद साझेदारी रही है। यह नया दीर्घकालिक अनुबंध HAL की तकनीकी क्षमता और विश्वस्तरीय विनिर्माण कौशल पर वैश्विक एयरोस्पेस कंपनियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि LEAP इंजन कार्यक्रम से जुड़कर HAL अंतरराष्ट्रीय नागरिक विमानन बाजार में अपनी उपस्थिति और मजबूत करेगा तथा भविष्य के एयरो इंजन कार्यक्रमों के लिए देश में उन्नत विनिर्माण तकनीकों के विकास को गति मिलेगी।
Safran Aircraft Engines के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट डोमिनिक ड्यूपुई ने कहा कि HAL के साथ यह साझेदारी आगे भी जारी रहने को लेकर वे उत्साहित हैं। यह सहयोग LEAP इंजन के बढ़ते उत्पादन की आवश्यकता को पूरा करने और भारत में स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने की उनकी रणनीति के अनुरूप है। HAL और Safran Aircraft Engines के बीच हुआ यह बहुवर्षीय अनुबंध दोनों कंपनियों की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
