सेल, आरएसपी के नए प्लेट मिल विभाग ने डिजिटल सुरक्षा पहल ‘मेरा क्षेत्र मेरी जिम्मेदारी’ ऐप किया लॉन्च

Spread the love

राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के नए प्लेट मिल (एनपीएम) विभाग ने डिजिटल परिवर्तन और कार्यस्थल सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘मेरा क्षेत्र मेरी जिम्मेदारी’ (“माय एरिया, माय रिस्पॉन्सिबिलिटी”) एंड्रॉयड एप्लिकेशन का शुभारंभ किया। यह पहल स्मार्ट एवं प्रौद्योगिकी-आधारित कार्य प्रणाली की दिशा में विभाग की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (नए प्लेट मिल एवं डिजिटलीकरण), आर के मुदुली ने मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं), हीरालाल महापात्र, महाप्रबंधक (सुरक्षा), अवकाश बेहरा, वरिष्ठ अधिकारियों, कार्यपालकों तथा इस पहल से जुड़े सदस्यों की उपस्थिति में एप्लिकेशन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत एप्लिकेशन को औपचारिक रूप से उपयोग के लिए प्रारंभ कर दिया गया।

सेल के शीर्ष प्रबंधन द्वारा प्रारंभ की गई “माय एरिया, माय रिस्पॉन्सिबिलिटी” पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यस्थल पर संभावित खतरों की पहचान करने, असुरक्षित परिस्थितियों की रिपोर्टिंग करने तथा समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करते हुए सक्रिय सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देना है। पारंपरिक रजिस्टर-आधारित प्रणाली के स्थान पर विकसित यह एंड्रॉयड एप्लिकेशन अवलोकनों का डिजिटल रिकॉर्ड रखने, फोटो अपलोड करने, कार्ययोजनाओं का आवंटन एवं निगरानी करने तथा अनुपालन की वास्तविक समय (रियल-टाइम) में समीक्षा करने की सुविधा प्रदान करता है। इससे जवाबदेही बढ़ेगी, प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा तथा विभाग में सुरक्षा निगरानी और अधिक प्रभावी बनेगी। इस एप्लिकेशन का विकास नए प्लेट मिल के सहायक महाप्रबंधक (विद्युत), श्री राजावरापु नवीन द्वारा श्री आर के मुदुली के नेतृत्व एवं तकनीकी मार्गदर्शन में पूर्णतः इन-हाउस किया गया है।

उल्लेखनीय है कि, नए प्लेट मिल में इस एप्लिकेशन का कार्यान्वयन आरएसपी में अपनी तरह का पहला प्रयास है। यह मॉडल अब डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन विभाग द्वारा विकसित किए जाने वाले संयंत्र-व्यापी ‘मेरा क्षेत्र मेरी जिम्मेदारी’ एप्लिकेशन के लिए संदर्भ मॉडल (रेफरेंस मॉडल) के रूप में कार्य करेगा, जिसे भविष्य में आरएसपी के सभी विभागों में लागू किया जाएगा। नए प्लेट मिल ने नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग के माध्यम से लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में विभाग ने 2.59 लाख टन प्लेटों का अब तक का सर्वश्रेष्ठ त्रैमासिक उत्पादन दर्ज किया। साथ ही, 26,811 टन प्लेटों का अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रेषण कर निर्यात के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस नई डिजिटल सुरक्षा प्रणाली का शुभारंभ सुरक्षित, स्मार्ट और सतत कार्यस्थल के निर्माण के प्रति नए प्लेट मिल की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है तथा डिजिटल उत्कृष्टता के लिए सेल की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *