युवाओं को दिया संस्कार, तकनीक और राष्ट्र निर्माण का संदेश
धनबाद। इस्कॉन धनबाद द्वारा गोल्फ ग्राउंड में 16 से 19 जुलाई तक आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित पांचवें मेगा यूथ फेस्टिवल में सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर इस्कॉन धनबाद के पदाधिकारीगण, आईआईटी (आईएसएम) एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, इस्कॉन के स्वयंसेवक तथा विभिन्न क्षेत्रों के अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।अपने संबोधन में श्री अग्रवाल ने इस्कॉन धनबाद को भव्य एवं सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मेगा यूथ फेस्टिवल केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास, आध्यात्मिक जागरण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। इसके लिए युवाओं को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि कुशल, नवाचारी, नैतिक मूल्यों से संपन्न तथा आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), डेटा एनालिटिक्स और इंडस्ट्री 4.0 का युग है। ऐसे समय में युवाओं को केवल तकनीक का उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि उसके सृजनकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल सहित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी डिजिटल परिवर्तन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आधुनिक खनन में ड्रोन सर्वे, जीआईएस मैपिंग, स्मार्ट माइनिंग, ऑटोमेशन तथा एआई आधारित निर्णय प्रणाली जैसी तकनीकों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।
सीएमडी ने कहा कि तकनीक गति देती है, जबकि आध्यात्मिकता सही दिशा प्रदान करती है। यदि जीवन में दिशा का अभाव हो तो गति भी व्यक्ति को सही लक्ष्य तक नहीं पहुँचा सकती। उन्होंने कहा कि इस्कॉन जैसे संगठन युवाओं को केवल आध्यात्मिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मानुशासन, भावनात्मक संतुलन, करुणा, टीमवर्क और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन कुछ नया सीखने, माता-पिता, गुरु एवं राष्ट्र का सम्मान करने तथा जीवन में तकनीक और आध्यात्मिकता के बीच संतुलन बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर श्री अग्रवाल ने गोल्फ ग्राउंड परिसर में निर्मित श्री गुंडीचा मंदिर में स्थापित भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र के विग्रहों के दर्शन कर प्रदेश एवं समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने आयोजन स्थल पर निर्मित भव्य भगवान श्री जगन्नाथ पंडाल, आनंद बाजार तथा रथ परिक्रमा स्थल का भी भ्रमण किया और भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि इस्कॉन धनबाद द्वारा आयोजित चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ 16 जुलाई को हुआ था। इस वर्ष महोत्सव की विशेष आकर्षण आईआईटी (आईएसएम) एवं बीआईटी के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विशेष ऑटोमेटिक रथ रहा, जिसमें मार्ग के अनुरूप ऊंचाई समायोजित करने की तकनीक तथा विशाल रस्सी का उपयोग किया गया। रथयात्रा के उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र के विग्रहों को गोल्फ ग्राउंड परिसर में निर्मित भव्य श्री गुंडीचा मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ स्थापित किया गया। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद, आनंद बाजार, भागवत प्रवचन तथा अन्य विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित मेगा यूथ फेस्टिवल में दो हजार से अधिक पंजीकृत युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति अभियान, शपथ ग्रहण, प्रेरक व्याख्यान तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व, आध्यात्मिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना रहा।
