लखनऊ। एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय (एनआर मुख्यालय) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत उत्तरा क्लब, लखनऊ द्वारा दिव्यांगजनों (चलने-फिरने में दिव्यांग) को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिलों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ाना, उन्हें स्वतंत्र रूप से जीवन जीने के लिए सक्षम बनाना, दूसरों पर उनकी निर्भरता कम करना तथा उन्हें सम्मानपूर्ण एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर उत्तरा क्लब की अध्यक्षा श्रीमती सीमा कौशिक ने लाभार्थियों से संवाद किया और इस पहल से उनके जीवन में होने वाले सकारात्मक बदलावों पर उनके विचार जानें। उन्होंने सभी लाभार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और आत्मबल के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन), उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्र, एस. एन. पाणिग्रही, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) राहुल शर्मा, उत्तरा क्लब समिति के सदस्य तथा मानव संसाधन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं समावेशी विकास के लिए सार्थक सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से एनटीपीसी की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।
