डॉ ऐमन अंसारी को मिली दुद्धी सीएचसी में तैनाती, दुद्धी सीएचसी को मिली महिला चिकित्सक की सौगात

Spread the love

डॉ स्मिता के पीजी करने जाने के बाद 6 माह से पद चल रहा था रिक्त

दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त चल रहे महिला चिकित्सक पद पर डॉ ऐमन अंसारी की  2 वर्ष के लिए संविदा पर नियुक्ति की गई है। लेडीज डॉक्टर की तैनाती की सूचना मिलते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उप्र सरकार द्वारा लखनऊ में 30 जून 2026 को एमबीबीएस चिकित्सकों की भर्ती हेतु वाक इन इंटरव्यू आयोजित किया गया था। 7 जुलाई को परिणाम घोषित कर डॉ ऐमन अंसारी को चयन के उपरांत सोनभद्र जनपद आवंटित हुआ। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उप्र सरकार द्वारा जारी पत्र में निर्देशित किया गया है कि चयनित डॉक्टर नियमित चिकित्सकों के समान ही कार्य लिया जाएगा। इस प्रकार ओपीडी, आईपीडी भर्ती मरीज, इमरजेंसी इत्यादि कार्यो का संपादन करना होगा। इस क्रम में 8 जुलाई को डॉ ऐमन ने मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र को अपना योगदान आख्या प्रस्तुत की थीं। शुक्रवार 17 जुलाई को सीएमओ सोनभद्र द्वारा उनकी नियुक्ति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में करते हुए उन्हें ज्वाइनिंग लेटर सौंपा। मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश का पालन करते हुए शुक्रवार को ही डॉ ऐमन ने सीएचसी दुद्धी पहुंचकर केंद्र अधीक्षक डॉ शाह आलम के समक्ष कार्यभार ग्रहण कर लिया। बताना मुनासिब होगा कि जुलाई माह के प्रथम शनिवार को समाधान दिवस में तहसील मुख्यालय पहुंचे जिलाधिकारी को भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक साह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर स्थानीय सीएचसी में रिक्त चल रहे महिला चिकित्सक के नियुक्ति की मांग की थी। उप्र शासन द्वारा पीएमएचएस संवर्ग में नियुक्त चिकित्सक को जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा दुद्धी जैसे संवेदनशील स्थान पर तैनाती के प्रति लोगों ने आभार जताते हुए सराहना की है। इसके पूर्व डॉ ऐमन ने गत 11 जून को एनएचएम गाजीपुर में आयोजित चिकित्सकों की भर्ती में भी प्रतिभाग किया था। जिसका रिजल्ट 21 जून की आया था। उसमें भी बतौर चिकित्साधिकारी डॉ ऐमन का सलेक्शन हुआ था। 26 जून को सीएमओ गाजीपुर के कार्यालय में डॉक्यूमेंट भी वेरिफिकेशन करा नियुक्ति की जाने वाले अस्पताल में ज्वाइनिंग लेटर का इंतजार कर रही थीं। इस बीच 7 जुलाई को उप्र सरकार के डीजीएमएस का परिणाम घोषित हुआ और इन्हें अपना गृह जनपद सोनभद्र मिल गया।

डॉ ऐमन की छोटी बहन डॉ एरम (एमबीबीएस) इसी माह 8 जुलाई को आल इंडिया स्तर पर होने वाली विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण कर दुद्धी क्षेत्र का नाम रौशन किया था। एफएमजीई की इस परीक्षा में 10 में 9 बच्चे फेल हुए थे। मात्र 12 प्रतिशत रिजल्ट वाले इस चुनौतीपूर्ण एग्जाम को पास कर चिकित्सा जगत को नया आयाम दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *