सांक्टोरिया, आसनसोल। पर्यावरणीय सततता एवं पारिस्थितिकीय पुनर्स्थापन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करते हुए, कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल वन विकास निगम लिमिटेड (डब्ल्यूबीएफडीसीएल) के साथ राज्य के पश्चिम बर्धमान जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं वनीकरण गतिविधियाँ संचालित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन कोलकाता के साल्ट लेक में आयोजित “अरण्य सप्ताह–2026” के उद्घाटन समारोह के दौरान हासत्क्षर किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में ईसीएल के निरंतर प्रयासों का एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
ईसीएल की ओर से अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने तथा डब्ल्यूबीएफडीसीएल के ग्रीन प्रोजेक्ट्स विंग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्री हरीश, आईएफएस ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी सहित अनेक वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें वन विभाग के प्रभारी मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी मंत्री, वन विभाग के राज्य मंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव, वन विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख (पीसीसीएफ एवं एचओएफएफ) शामिल थे।
कार्यक्रम में ईसीएल के निदेशक (तकनीकी) गिरीश गोपीनाथन नायर के साथ-साथ पश्चिम बंगाल सरकार, वन विभाग तथा सहभागी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह पहल “एकटी गाछ, माएर नामे!” अभियान का हिस्सा है, जो राष्ट्रीय अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अनुरूप है। इस अभियान का उद्देश्य संस्थानों एवं नागरिकों को वृक्षारोपण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना, हरित आवरण का विस्तार करना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। समझौते के अंतर्गत ईसीएल, वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान डब्ल्यूबीएफडीसीएल के ग्रीन प्रोजेक्ट्स विंग के माध्यम से पश्चिम बर्धमान जिले में 95.39 हेक्टेयर भूमि पर लगभग 2.11 लाख पौधों का रोपण कराएगा। इस वनीकरण कार्यक्रम का उद्देश्य वन क्षेत्र का विस्तार करना, पारिस्थितिकीय संतुलन की पुनर्स्थापना, जलवायु अनुकूलन क्षमता को सुदृढ़ करना तथा क्षेत्र में सतत पर्यावरणीय प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
यह पहल ईसीएल की अपनी खनन गतिविधियों के साथ पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को समाहित करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पश्चिम बंगाल वन विकास निगम के साथ साझेदारी के माध्यम से कंपनी दीर्घकालिक पारिस्थितिकीय लाभ सुनिश्चित करने के साथ-साथ राज्य के संरक्षण एवं सतत विकास संबंधी प्रयासों को भी सहयोग प्रदान करेगी। यह समझौता ज्ञापन कॉर्पोरेट पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को आगे बढ़ाने में ईसीएल की सक्रिय भूमिका को रेखांकित करता है तथा सहयोगात्मक प्रयासों एवं समुदाय-केंद्रित पर्यावरणीय पहलों के माध्यम से अधिक हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण के उसके दृष्टिकोण की पुनर्पुष्टि करता है।
