संबलपुर । कोल इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट सेफ्टी बोर्ड के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 9 से 12 जुलाई, 2026 तक महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) का दौरा कर विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं अधोसंरचना का विस्तृत निरीक्षण किया। उदय अनंत काओले, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एमसीएल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में कोल इंडिया लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक (सुरक्षा) सी. पी. गर्ग के नेतृत्व में एन. के. सिंह (बीएमएस), अख्तर जावेद उस्मानी (एचएमएस), सी. जे. जोसेफ (एआईटीयूसी), जी. के. श्रीवास्तव (सीटू) तथा आर. के. शर्मा (आईएमएमए) शामिल थे।
चार दिवसीय दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ईब वैली कोयलांचल क्षेत्र स्थित हिमगिर बुंदिया भूमिगत खदान, समलेश्वरी ओपन कास्ट परियोजना, लखनपुर क्षेत्र के बेसिक ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (बीटीआई) एवं गौ अमृत गौशाला तथा ओरिएंट क्षेत्र स्थित चंद्रशेखर आज़ाद इको पार्क का निरीक्षण किया। बोर्ड सदस्यों ने भूमिगत खदान में विकसित आधुनिक भूमिगत एवं सतही अधोसंरचना, चंद्रशेखर आज़ाद इको पार्क में पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहलों तथा समलेश्वरी ओपन कास्ट परियोजना में अपनाए जा रहे प्रभावी सुरक्षा उपायों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कर्मियों से संवाद कर कार्यस्थलों पर अपनाई जा रही सुरक्षा प्रक्रियाओं की भी जानकारी प्राप्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने बीटीआई, लखनपुर में वर्चुअल रियलिटी (वीआर) आधारित सुरक्षा प्रशिक्षण मॉड्यूल का अनुभव भी किया तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुरक्षा जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एमसीएल के प्रयासों की प्रशंसा की। बोर्ड के सदस्यों ने गौ अमृत गौशाला की भी सराहना करते हुए इसे पशु कल्याण के प्रति एमसीएल की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कॉर्पोरेट सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों ने सुरक्षा मानकों को अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) ई. कार्तिकेयन, एमसीएल के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) सुनील शर्मा; लखनपुर, ओरिएंट एवं ईब वैली क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बोर्ड द्वारा दिए गए सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन देते हुए एमसीएल की सभी परियोजनाओं में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
