चंदौली। जिलाधिकारी कार्यालय में आज ‘नवयुग पालिका योजना’ की कार्ययोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में समिति के तमाम वरिष्ठ सदस्य प्रभारी अधिकारी, स्थानीय निकाय चन्दौली, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत चन्दौली, अधिशासी अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग (प्रा०ख०), वरिष्ठ कोषाधिकारी, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत विभाग, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी, सदर मौजूद रहे, बैठक में विकास से जुड़ी विभिन्न प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस बैठक में कुल *1140.67 लाख रुपये* की भारी-भरकम लागत वाली भव्य कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई है। जिलाधिकारी की अंतिम मंजूरी के बाद इस पूरे प्रस्ताव को आगामी वित्तीय सहयोग और क्रियान्वयन के लिए राज्य शासन को भेजा जाएगा।
*कार्ययोजना के तहत होने वाले मुख्य विकास कार्य*
1. *शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और डिजिटल लाइब्रेरी* युवाओं और स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और एक अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा।
2.*सड़क और पाथवे का विकास* पुलिस चौकी के समीप साइड पटरी का विकास और सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही, डाक बंगला से सकलडीहा रोड तक यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष पाथवे (पैदल मार्ग) का निर्माण प्रस्तावित है।
3.*स्ट्रीट लाइट एवं विद्युतीकरण* क्षेत्र की सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इलिया रोड, बबुरी रोड और कैली रोड पर व्यापक रूप से स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा।
4. *अंडरपास का सौन्दर्यीकरण* शहर को सुंदर रूप देने के लिए खाई के तीन प्रमुख अंडरपासों का सौन्दर्यीकरण किया जाएगा।
5. *जल निकासी और सीसी रोड* जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विभिन्न आवश्यक स्थानों पर नालियों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, आमजन के आवागमन को सुगम और गड्ढामुक्त बनाने के लिए सी.सी. (सिमेंटेड) रोड का निर्माण भी इस कार्ययोजना में शामिल है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन से मंजूरी मिलते ही तय समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ इन विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाए, ताकि जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
