रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, सीसीएल सीएमडी ने किया विधिवत उद्घाटन*
राँची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के एनके क्षेत्र अंतर्गत स्थित केन्द्रीय विद्यालय, सीसीएल, डकरा का भव्य एवं गरिमामय समारोह में विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद महुआ माजी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर कांके के पूर्व विधायक समरी लाल, सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार तथा केन्द्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में सीसीएल के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण, स्थानीय ग्रामीण, हितधारक, मजदूर संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्मारिका (सुवेनियर) के विमोचन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।
सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। वहीं, एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ तिवारी ने अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय सेठ ने कहा कि सीसीएल के सहयोग से केन्द्रीय विद्यालय, डकरा का उद्घाटन हुआ है, यह ना सिर्फ डकरा के लिए गौरव की बात है बल्कि पूरे खलारी एवं मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के लिए गौरव एवं खुशी का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और वे भविष्य में देश-दुनिया में झारखंड एवं भारत का नाम रोशन करेंगे। यहां शिक्षा ग्रहण करने वाले सभी बच्चों को मंगलकामनाएं।
राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड की प्रतिभाओं, विशेषकर महिलाओं ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सीसीएल के सहयोग से उद्घाटन हुआ यह विद्यालय भी ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करेगा, जो भविष्य में देश-विदेश में झारखंड एवं सीसीएल का नाम रोशन करेंगे।
सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि इस परिसर से उनका भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा, “मैंने इसी परिसर में अपना बचपन बिताया है। यहीं क्रिकेट और फुटबॉल खेला है। पिछले कई वर्षों से मैं इस विद्यालय को शुरू कराने के प्रयासों की नियमित समीक्षा कर रहा था। हमने संकल्प लिया था कि इस वर्ष विद्यालय का उद्घाटन करेंगे और आज उस संकल्प की सिद्धि का दिन है।”
केन्द्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर ने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ तिवारी ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) शशि प्रभा हांसदा ने प्रस्तुत किया।
