स्वस्थ आयु के लिए योग’ के संदेश के साथ बीसीसीएल कार्मिकों ने किया योगाभ्यास, कोयला भवन मुख्यालय में योग शिविर का समापन

Spread the love

धनबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कोयला भवन मुख्यालय में योग कैंप के अंतिम प्रशिक्षण दिवस आज अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने योग के विविध अभ्यासों का लाभ उठाते हुए ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ (योगा फॉर हेल्दी एजिंग) विषय के अंतर्गत स्वस्थ जीवन का संकल्प दोहराया। इसके साथ ही गत 15 जून से जारी योग शिविर का समापन हुआ। आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (पीएसयू) एवं विभिन्न सरकारी विभागों में आयोजित योग कैंप एवं वेलनेस सत्रों की श्रृंखला के अंतर्गत बीसीसीएल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन)  कुमार मनोज, विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध/सीएसआर)  सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (प्रशासन)  मनीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक, मुख्य प्रबंधक (खनन)  राधेश्याम दुबे सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता की।

योग प्रशिक्षक  डी.एन पासवान के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुरूप योगासन, प्राणायाम, ध्यान तथा विश्राम संबंधी अभ्यास किए। साथ ही पिछले छह दिनों के प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई विभिन्न योग विधियों का पुनराभ्यास कराया गया तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों में योग के प्रति उल्लेखनीय उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली, जो स्वस्थ एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इसी क्रम मे वाशरी डिवीजन में भी योग प्रशिक्षक चयन प्रतियोगिता – 2026 का सफल आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाप्रबंधक (वा.) एम. सोहेल इकबाल, क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) बी.डी. सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।उल्लेखनीय है कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित योग कैंप का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन हेतु व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। 21 जून को अन्नपूर्णा हॉल, कोयला नगर तथा कोयला भवन मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *