68 यूनिट रक्तदान के साथ एनटीपीसी विंध्य चिकित्सालय ने निभाई मानवता की जिम्मेदारी

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्य चिकित्सालय ने 20 जून 2026 को एक सफल रक्तदान शिविर आयोजित कर सामुदायिक कल्याण एवं मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया। इस शिविर का उद्घाटन किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) द्वारा डॉ. बी. के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा) के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर श्री होता ने कर्मचारियों एवं सहयोगियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए इसे जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
शिविर में एनटीपीसी के कर्मचारियों, सीआईएसएफ के जवानों, चिकित्साकर्मियों तथा सहयोगी एजेंसियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 68 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो एनटीपीसी परिवार की सेवा भावना, करुणा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक है।
कार्यक्रम में देबब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ एवं परियोजना) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही रेड क्रॉस सोसायटी, सिंगरौली के श्री एस. डी. सिंह (अध्यक्ष) एवं डॉ. आर. डी. द्विवेदी, निदेशक (रेड क्रॉस सोसायटी) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विंध्य चिकित्सालय के चिकित्सकों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. बी. के. भराली ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे महान सेवाओं में से एक है, जो जरूरतमंद लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकती है। रक्तदान के उपरांत सभी रक्तदाताओं को कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल)  किशोर कुमार होता द्वारा फल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *