अमवार में खुली बैठक आयोजित, स्थायी पात्रता सूची पर हुई चर्चा

Spread the love

दुद्धी। विकास खंड दुद्धी की ग्राम पंचायत अमवार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची तैयार करने के उद्देश्य से खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीणों की उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों के चयन और सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए सर्वेक्षण के आधार पर तैयार प्रारंभिक सूची को ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उपस्थित लोगों ने सूची में शामिल नामों की समीक्षा करते हुए पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ऐसे गरीब एवं आवासविहीन परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है, जो अभी तक इस सुविधा से वंचित हैं। बैठक के दौरान ग्रामीणों से सुझाव और आपत्तियां भी आमंत्रित की गईं, ताकि पात्रता सूची को अधिक सटीक और निष्पक्ष बनाया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए सर्वेक्षण और सूची निर्माण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान एवं वर्तमान प्रशासक श्रीमती गिरिजा देवी, उनके प्रतिनिधि सुभाष चंद्र भारती, ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र कुमार, पंचायत सहायक बैजन्ती देवी, रोजगार सेवक राजेश कुमार यादव, पूर्व ग्राम प्रधान निराला प्रसाद, सुखी सिंह, कोटेदार संदीप भारती, देवंती देवी, रीना देवी, सुशीला देवी, सुनीता देवी, चंद्रदेव यादव, नंदकुमार, कल्लू यादव, रामकेवल, फुलवंती देवी, बसंती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने पात्रता सूची निर्माण की प्रक्रिया पर सहमति जताते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग का भरोसा दिलाया। ग्राम पंचायत प्रशासन ने बताया कि प्राप्त सुझावों एवं सत्यापन के आधार पर अंतिम सूची तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *