एनटीपीसी कांटी में स्टेज-I की चिमनी का सुरक्षित एवं सफल ध्वस्तीकरण

Spread the love

मुजफ्फरपुर, बिहार: ।एनटीपीसी कांटी में बंद हो चुके स्टेज-I संयंत्र से संबंधित संरचनाओं के चरणबद्ध निष्कासन कार्य के अंतर्गत दोपहर 1:00 बजे स्टेज-I की चिमनी का सुरक्षित एवं नियंत्रित तरीके से ध्वस्तीकरण किया गया। यह कार्य सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियां प्राप्त करने के उपरांत विशेषज्ञों की निगरानी तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

एनटीपीसी कांटी का स्टेज-I संयंत्र लंबे समय से बंद था। संयंत्र से जुड़ी पुरानी एवं अनुपयोगी मशीनरी तथा संरचनाओं को चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में स्टेज-I की चिमनी का ध्वस्तीकरण किया गया, जो इस प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है।

ध्वस्तीकरण कार्य से पूर्व सभी संबंधित विभागों एवं सक्षम प्राधिकारियों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की गईं। इसके साथ ही विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार कर उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया गया। पूरे अभियान के दौरान विशेषज्ञ एजेंसियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम स्थल पर मौजूद रही तथा प्रत्येक गतिविधि की सतत निगरानी की गई।

कार्यस्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों तथा परियोजना की अन्य परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए। नियंत्रित तकनीक के माध्यम से चिमनी को योजनानुसार सुरक्षित रूप से ध्वस्त किया गया।

एनटीपीसी कांटी प्रबंधन ने बताया कि पूरा ध्वस्तीकरण कार्य बिना किसी दुर्घटना, जनहानि, चोट, पर्यावरणीय क्षति अथवा संपत्ति के नुकसान के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *