बोकारो ।इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विभाग द्वारा पहल करते हुए दिनांक 13 जून 2026 को अधिशासी निदेशक (संकार्य) के कॉन्फ्रेंस हॉल में नए श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में प्रधान नियोक्ताओं हेतु एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएसएल शीर्ष प्रबंधन, उप मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय),धनबाद,सुमित तथा सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय),धनबाद-II, प्रभात शंकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बीएसएल के विभिन्न प्रधान नियोक्ताओं एवं अन्य अधिकारियों सहित लगभग 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया और जागरूकता सह संवादात्मक सत्र में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यरत प्रधान नियोक्ताओं को नए श्रम संहिताओं के अंतर्गत उनकी वैधानिक जिम्मेदारियों तथा नई अनुपालन प्रणाली के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर प्रतिभागियों को वेतन संहिता, 2019; औद्योगिक संबंध संहिता, 2020; व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता, 2020; तथा सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रमुख प्रावधानों एवं अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। सत्र के दौरान नई कानूनी आवश्यकताओं, पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं तथा नए श्रम संहिताओं के अंतर्गत अनुपालन संबंधी दायित्वों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही, इनके क्रियान्वयन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं एवं चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हुए उनके संभावित समाधानों पर भी प्रकाश डाला गया।
अपने संबोधन में बीएसएल शीर्ष प्रबंधन ने सभी से नए श्रम संहिताओं के प्रभावी अनुपालन हेतु जागरूकता एवं प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया। वहीं उप मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय),धनबाद,सुमित ने श्रम विभाग की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए सभी प्रधान नियोक्ताओं से नई अनुपालन व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष बल दिया।
