हजारीबाग। एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण शपथ के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना के परियोजना प्रमुख श्री सुब्रत कुमार दास, महाप्रबंधक (इन्फ्रा) पवन कुमार रावत, विभिन्न विभागाध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपने संबोधन में सुब्रत कुमार दास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा सतत विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
