प्रयागराज मंडल में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
प्रयागराज । मण्डल रेल प्रबन्धक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रयागराज मण्डल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक ‘क्लाइमेट चेंज’ विषय पर आयोजित “विश्व पर्यावरण दिवस-2026” अभियान का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में वरिष्ठ मण्डल पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबन्धक विक्रम सिंह कोली, वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता, स्टेशन निदेशक सुमन कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबन्धक ने कहा कि भारतीय रेल पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष रेलवे परिसरों, कॉलोनियों एवं रेलवे भूमि पर 4 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया था तथा इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण की योजना बनाई गई है। प्रयागराज मण्डल कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा हरित वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके माध्यम से भावी पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मण्डल रेल प्रबन्धक के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय से प्रयागराज जंक्शन तक पर्यावरण जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। इसके पश्चात प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से वृक्ष संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मण्डल रेल प्रबन्धक ने बताया कि ‘मिशन लाइफ’ एवं ‘विश्व पर्यावरण दिवस-2026’ अभियान के तहत प्रयागराज मण्डल में रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन, जल संरक्षण तथा ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाए गए। पोस्टरों, बैनरों, डिजिटल संदेशों एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। यात्रियों एवं कर्मचारियों को पुनः उपयोग योग्य बोतलों, बैगों एवं कंटेनरों के उपयोग के साथ-साथ डिजिटल टिकटिंग तथा पेपरलेस यात्रा अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रयागराज मण्डल में जैव-अवक्रमणीय एवं पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। रेलवे परिसरों में स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई तथा जल पुनर्भरण केन्द्रों का निरीक्षण कर यात्रियों को अपनी बोतलों को पुनः भरकर उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही रेलवे स्टेशनों पर कार्यरत विक्रेताओं एवं सेवा प्रदाताओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर टूंडला, अलीगढ़, फतेहपुर एवं मिर्जापुर स्टेशनों पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कर्मचारियों एवं बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इसके अतिरिक्त मण्डल के सभी स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किए गए।प्रयागराज मण्डल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सशक्त बनाते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
