सीएमडी बीसीसीएल ने राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा से की शिष्टाचार भेंट

Spread the love

धनबाद। राष्ट्रीय जनजाति आयोग (एनसीएसटी) के निदेशक कार्यालय से प्राप्त पत्र एवं आयोग स्तर पर हुई सुनवाई के क्रम में आज बोकारो स्थित सर्किट हाउस में राष्ट्रीय जनजाति आयोग की माननीय सदस्य डॉ. आशा लकड़ा एवं बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी)  मनोज कुमार अग्रवाल के बीच बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान बीसीसीएल मुख्यालय, कोयला भवन, धनबाद में कार्यरत अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जनजातीय समुदाय से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं तथा उनके निराकरण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही जनजातीय समुदायों के कल्याण, समावेशी विकास तथा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) से संबंधित पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा के दौरान आयोग द्वारा पूर्व में की गई सुनवाई एवं उससे संबंधित अनुशंसाओं के अनुपालन, कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा तथा कार्यस्थल पर समावेशी एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष (प्रशासन)  मनीष मिश्रा, नोडल ऑफिसर (एससी/एसटी सेल) श्रीमती निर्मला किरण, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। डॉ. आशा लकड़ा ने क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों पर चर्चा करते हुए समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान हेतु सतत प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं बीसीसीएल प्रबंधन ने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *