एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड, पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में  आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन

Spread the love

स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प

हजारीबाग। एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड, पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में 16 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों, सहयोगी कर्मियों, विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाकर किया गया था, जिसके माध्यम से सभी ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। पखवाड़े के दौरान परियोजना के विभिन्न स्थलों पर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से संबंधित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवधि में सिकरी टाउनशिप, पीबी-एनडब्ल्यू पिट कार्यालय, डब्ल्यूपी-3 तथा एनटीपीसी माइटी सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाए गए। इन अभियानों में कर्मचारियों एवं सहयोगी कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा कार्यस्थलों एवं आवासीय परिसरों की साफ-सफाई कर स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहयोगी कर्मियों के लिए स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य विषयक एक विशेष जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। इस सत्र में स्वच्छ जीवनशैली, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा कार्यस्थल पर साफ-सफाई के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से एनटीपीसी माइटी में विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त स्वच्छता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। 

स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों ने कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों, सहयोगी कर्मियों, विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों के सक्रिय सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत् वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का सफल आयोजन एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना की स्वच्छता, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *