पत्रकारिता तब और अब : निष्पक्षता, विश्वसनीयता और तकनीक के संतुलन की जरूरत – ममता सिंह

Spread the love

पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन

रेणुकूट। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नगर के मुर्धवा स्थित होटल पद्मिनी में पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में एक विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “पत्रकारिता तब और अब” रहा, जिसमें जनपद के बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लेकर वर्तमान पत्रकारिता की चुनौतियों, अवसरों और बदलते स्वरूप पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेणुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष शेख जलालुद्दीन ने की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ममता सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पहले पत्रकारिता मिशन के रूप में की जाती थी, जहां जनहित सर्वोपरि होता था। आज तकनीक और सोशल मीडिया के दौर में खबरों के प्रसारण की गति तो बढ़ी है, लेकिन पत्रकारों के सामने सत्यता और विश्वसनीयता बनाए रखने की बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज में जागरूकता और विश्वास कायम रख सकती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शेख जलालुद्दीन ने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप समय के साथ बदलता रहा है, लेकिन इसके मूल मूल्य आज भी वही हैं। उन्होंने कहा कि पहले सीमित संसाधनों के बावजूद पत्रकार जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे, जबकि आज डिजिटल माध्यमों ने पत्रकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे निष्पक्षता, सत्यता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखें। गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने पत्रकारिता के पुराने दौर और वर्तमान डिजिटल युग की पत्रकारिता की तुलना करते हुए मीडिया की भूमिका, फेक न्यूज की चुनौती, सोशल मीडिया के प्रभाव तथा पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता के तौर-तरीके भले ही बदल गए हों, लेकिन समाज और लोकतंत्र के प्रति उसकी जवाबदेही पहले जैसी ही बनी हुई है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर कृष्णा उपाध्याय, महेंद्र गांधी, मोइनुद्दीन मिंटू, संदीप अग्रहरी, सूरज अहमद, राजा, तावर अब्बास, मुकेश सोनी, जूही खान, शाहेनूर, दीपू तिवारी हसनअजीत कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *