सीसीएल में सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित

Spread the love

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, रांची में एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मई, 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 08 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 90 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई। समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा कीं।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले डॉ. ओम प्रकाश, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गांधीनगर अस्पताल;  शंकर कुमार झा, महाप्रबंधक(मानव संसाधन), एल एंड आर विभाग;  जॉयेश नायक, महाप्रबंधक(एमएम), गांधीनगर अस्पताल;  अनिल कुमार, महाप्रबंधक(एमएम), क्रय विभाग;  सुकांता कुमार गंतायत, उप-प्रबंधक(वित्त), वित्त (एक्सपी); श्रीमती रेनु सुनीता एक्का, वरिष्ठ डीई, वित्त (कैश);  संजय कुमार सिन्हा, वरिष्ठ रेडियोग्राफ, गांधीनगर अस्पताल एवं जगदीश, चालक हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमडी, सीसीएल श्री निलेंदु कुमार सिंह एवं निदेशक(मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी  निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि आप सभी ने अपने समर्पण, अनुभव और उत्कृष्ट कार्यशैली से कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपके वर्षों के अनुभव, कर्मनिष्ठा एवं प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी आप अपने मार्गदर्शन, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सामाजिक योगदान से लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।

वहीं, निदेशक (मानव संसाधन)  हर्ष नाथ मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा यात्रा का समापन नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। आप सभी ने वर्षों तक अपने समर्पण, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता से संगठन को सशक्त बनाया है। सीसीएल परिवार आपके योगदान के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा तथा आपके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करता है। समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *