41 लोगों को संविदा पर आधारित रोजगार प्रदान
राउरकेला।सेल,राउरकेला इस्पात संयंत्र ने अपनी उत्पादन क्षमता को दोगुना करने हेतु प्रस्तावित विस्तारण परियोजना के लिए विस्थापित किए गए 148 परिवारों को अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की है।
वित्तीय सहायता के अतिरिक्त, संगठन इन परिवारों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकता दे रहा है। इसी क्रम में, आरएसपी ने अब तक 41 व्यक्तियों को संविदा आधारित रोजगार प्रदान किया है, जिससे प्रभावित परिवारों को स्थायी आय के अवसर उपलब्ध हो सके हैं।देवगांव के निकट एक प्रमुख स्थल पर विकास कार्य तेजी से प्रगति पर है। संयंत्र द्वारा सड़क संपर्क, जल निकासी व्यवस्था, बिजली एवं जलापूर्ति जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से युक्त पूर्ण विकसित भूखंड तैयार किए जा रहे हैं। कार्य पूर्ण होने के पश्चात इन भूखंडों को परिवारों को औपचारिक स्वामित्व दस्तावेजों सहित हस्तांतरित किया जाएगा। सुगम पुनर्वास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 83 झुग्गियों में रह रहे परिवारों को अस्थायी आश्रय में स्थानांतरित किया गया है।
राउरकेला इस्पात संयंत्र यह सुनिश्चित करने हेतु हरसंभव प्रयास कर रहा है कि विस्तारण परियोजना स्थानीय समुदाय के कल्याण के साथ सामंजस्यपूर्ण तरीके से आगे बढ़े। त्वरित वित्तीय सहायता एवं दीर्घकालिक आधारभूत सुविधाओं के माध्यम से संयंत्र प्रत्येक प्रभावित परिवार के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक पुनर्वास सुनिश्चित करने की दिशा में कार्यरत है।
