ईसीएल ने कर्मचारी कल्याण एवं पुनर्वास पहलों को नई नियुक्तियों के माध्यम से किया सुदृढ़

Spread the love

सांकतोड़िया, ।:कर्मचारी कल्याण तथा समावेशी सामुदायिक विकास के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करते हुए, ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने दिनांक २५ मई २०२६ को ईसीएल मुख्यालय, झालबागान स्थित डिसरगढ़ क्लब में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान 103 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

कुल नियुक्तियों में से ७८ अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता (NCWA) के प्रावधानों के अंतर्गत आश्रित रोजगार योजना के तहत नियुक्ति प्रदान की गई, जबकि २५ अभ्यर्थियों को ईसीएल की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) नीति के अंतर्गत नियुक्त किया गया। ये पहलें दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को सहयोग प्रदान करने तथा परियोजना-प्रभावित व्यक्तियों एवं समुदायों के लिए सतत आजीविका के अवसर सृजित करने के प्रति ईसीएल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

समारोह की गरिमामयी उपस्थिति में सतीश झा, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, ईसीएल, मो. अंजार आलम, निदेशक (वित्त),  गुंजन कुमार सिन्हा, निदेशक (कार्मिक) एवं  गिरीश गोपीनाथन नायर,निदेशक (तकनीकी) उपस्थित रहे। उन्होंने नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में समर्पण, सत्यनिष्ठा एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता के मूल्यों का पालन करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर दिव्यज्योति घोष, विभागाध्यक्ष (रोजगार एवं भर्ती विभाग) एवं  नजरुल इस्लाम, विभागाध्यक्ष (WBE) सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, विभिन्न क्षेत्रों के मानव संसाधन प्रबंधक, अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे तथा नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को अपनी शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

एनसीडब्ल्यूए के अंतर्गत आश्रित रोजगार प्रदान करना, कोल इंडिया लिमिटेड एवं ईसीएल की कर्मचारी कल्याण व्यवस्था का एक संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण अंग बना हुआ है। यह पहल शोकाकुल परिवारों को सहयोग प्रदान करने, कठिनाइयों को कम करने तथा एक सशक्त, उत्तरदायी एवं प्रेरित कार्यबल के निर्माण के प्रति संगठन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *