सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र के कोल केमिकल विभाग द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 में 296 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व अर्जन

Spread the love

राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के कोल केमिकल विभाग (सीसीडी) ने वित्त वर्ष 2025-26 का समापन उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ किया। विभाग ने कोक ओवन से प्राप्त मूल्यवान उप-उत्पादों (कोल केमिकल्स) की बिक्री के माध्यम से 296 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। इसके अतिरिक्त, वर्ष के दौरान सीसीडी ने 76,000 क्रूड कोल टार  का सफलतापूर्वक प्रेषण किया, जिससे विभिन्न अंतिम उपयोगकर्ता उद्योगों की आवश्यकताओं की पूर्ति हुई तथा उप-उत्पादों के सतत उपयोग में विभाग की भूमिका और अधिक मजबूत हुई।

शून्य-क्षति कार्यस्थल को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने हेतु कई महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय लागू किए। बेंजोल भंडारण टैंक क्षेत्र में स्टैटिक डिसिपेटर सिस्टम स्थापित किया गया ताकि स्थैतिक विद्युत आवेशों का सुरक्षित निष्कासन हो सके। साथ ही, पहली बार जोन-1 क्षेत्र में स्थित बेंजोल स्क्रबर का सफलतापूर्वक ओवरहॉलिंग किया गया, जिसमें सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया गया। सुरक्षित कार्य संस्कृति को और सुदृढ़ करने के लिए नए सीसीडी में सीओ मॉनिटरिंग प्रणाली  स्थापित किया गया, जिसे नियंत्रण कक्ष के अलार्म सिस्टम से जोड़ा गया है, ताकि गैस का निरंतर पता लगाया जा सके और समय रहते चेतावनी मिल सके।

विभाग ने सल्फ्यूरिक एसिड टैंक-3 (साइट-सी) के प्रतिस्थापन का कार्य भी पूरा कर उसे कमीशन किया, जिससे भंडारण क्षमता बढ़ी और संयंत्र में रुकावटों को कम करने में मदद मिली। इसके अलावा, डाइक के साथ स्पिलेज पुनर्चक्रण प्रणाली  का पुनर्निर्माण कर उसे परिचालन में लाया गया, जिससे सुरक्षा और पर्यावरणीय अनुपालन में उल्लेखनीय सुधार हुआ। ये सभी पहलें आरएसपी के कोल केमिकल विभाग की परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं तथा उप-उत्पाद प्रबंधन के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *