स्टेज-I यूनिट-3 के वाणिज्यिक परिचालन के बाद बाढ़ एनटीपीसी का दूसरा सबसे बड़ा पावर स्टेशन बन गया है – सी. सत्य रामकृष्ण

Spread the love

एनटीपीसी बाढ़ में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद आयोजित

 एनटीपीसी बाढ़ में 400 MWh क्षमता के बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली परियोजना पर कार्य किया जा रहा है, जो भविष्य में ऊर्जा प्रबंधन एवं ग्रिड स्थिरता को और सुदृढ़ करेगा – परियोजना प्रमुख

पटना। एनटीपीसी बाढ़ में 18 मई को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मीडिया के विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर  सी. सत्य रामकृष्ण, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी बाढ़ ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए एनटीपीसी बाढ़ की उपलब्धियों, परिचालन उत्कृष्टता, सतत विकास एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न पहलों की जानकारी साझा की।

अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि एनटीपीसी बाढ़ की कुल स्थापित क्षमता 3300 मेगावाट (5×660 मेगावाट) है तथा स्टेज-I यूनिट-3 के वाणिज्यिक परिचालन के बाद यह एनटीपीसी का दूसरा सबसे बड़ा पावर स्टेशन बन गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्टेशन द्वारा 17574 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया है जो बाढ़ के लिए किसी भी साल का सर्वाधिक उत्पादन था। उन्होंने कहा कि 30 दिसंबर 2025 को स्टेशन ने 75.38 मिलियन यूनिट का सर्वाधिक एकदिवसीय उत्पादन एवं 95.18 प्रतिशत पीएलएफ का रिकॉर्ड स्थापित किया। इसके साथ ही मार्च 2026 में 2045 मिलियन यूनिट का सर्वाधिक मासिक उत्पादन भी प्राप्त किया गया। 

उन्होंने परियोजना की हरित एवं सतत विकास पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन में कुल 3150 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से अब तक 2450 किलोवाट क्षमता की परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं। सामुदायिक विकास के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण अभियान, उत्कर्ष मेरिट छात्रवृत्ति एवं मोबाइल मेडिकल वैन जैसी योजनाओं के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि एनटीपीसी बाढ़ में 400 MWh क्षमता के बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS) परियोजना पर कार्य किया जा रहा है, जो भविष्य में ऊर्जा प्रबंधन एवं ग्रिड स्थिरता को और सुदृढ़ करेगा। 

कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक एवं सार्थक संवाद हुआ। परियोजना से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। एनटीपीसी बाढ़ प्रबंधन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके निरंतर सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में  हरेकृष्ण जेना,  महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), अजीत कुमार सिंह,  महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम),  अरुण कुमार सिंह, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन),    अजित प्रताप सिंह, अपर महाप्रबंधक (परियोजना), वी सरवनन, अपर महाप्रबन्धक (तकनीकी सेवाएँ), डॉ. अनिल सोमकुवर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ),  प्रशांत कुमार सामल, प्रमुख, मानव संसाधन विभाग सहित परियोजना के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *