भदोही में आंधी-तूफान प्रभावित परिवारों से मिले जनपद के प्रभारी मंत्री ए के शर्मा

Spread the love

*प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रभावित परिवारों को वितरित किए राहत सहायता के चेक*

जनता के सुख-दुख में सहभागी है डबल इंजन की सरकार- ए के शर्मा

लखनऊ, भदोही। जनपद भदोही में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित हुआ। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य 13 मई को आए भीषण आंधी, तूफान एवं ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करना तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें राहत एवं सहायता उपलब्ध कराना था।सर्वप्रथम प्रभारी मंत्री निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जाए तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके उपरांत मंत्री श्री शर्मा ने प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आपदा से प्रभावित 13 परिवारों को राहत सहायता के चेक वितरित किए तथा भरोसा दिलाया कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। मंत्री श्री शर्मा ने प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सदैव देशवासियों के प्रति संवेदनशील रहते हैं तथा उनके मार्गदर्शन एवं मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा तथा सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसी क्रम में प्रभारी मंत्री सरौली गांव पहुंचे, जहां शादी समारोह के दौरान हुई दुखद घटना के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। जानकारी के अनुसार शादी के उपरांत कुछ लोग गांव के मंदिर में मोरी चढ़ाने गए थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के कारण मंदिर के समीप स्थित एक पुराना विशाल नीम का पेड़ गिर गया, जिससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कई लोग प्रभावित हुए। मंत्री जी ने घटना की जानकारी प्राप्त कर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया एवं प्रशासन को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता के सुख-दुख में सदैव सहभागी है। मा.मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर वे स्वयं प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे हैं ताकि उनकी समस्याओं को समझकर तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर सांसद विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी,जिलाध्यक्ष  दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक,अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *