स्वस्थ कर्मी – सुरक्षित संचालन” के उद्देश्य से लॉबी प्रयागराज में योग, एक्यूप्रेशर जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

Spread the love

 प्रयागराज । प्रयागराज मंडल उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत लोको पायलट एवं गार्ड लॉबी प्रयागराज में दिनांक 22.04.2026 को योग एवं एक्यूप्रेशर जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “स्वस्थ कर्मी–सुरक्षित संचालन” के संदेश को चरितार्थ करते हुए रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रनिंग स्टाफ को बेहतर मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य सुविधाएं के साथ तनाव मुक्त, ऊर्जावान एवं स्वास्थ्य-सचेत बनाना रहा। कार्यक्रम में प्रख्यात योगाचार्य जे.पी. श्रीवास्तव एवं एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण उपचार संस्थान के पंकज माहेश्वरी, प्रमोद कुमार, अनिल सिंह, ममता विश्वकर्मा  ने अपनी अपनी विधा से प्रयागराज एवं छिवकी के लगभग 60 रनिंग कर्मी एवं लोको निरीक्षकों को स्वस्थ जीवन के सूत्र दिये।  

कार्यक्रम की शुरुआत में योगाचार्य जे.पी. श्रीवास्तव ने रनिंग कर्मियों को विभिन्न योगासनों—जैसे ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, एवं सूर्य नमस्कार—का विधिवत प्रशिक्षण देते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास न केवल शारीरिक लचीलापन एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, सतर्कता एवं निर्णय क्षमता में भी वृद्धि करता है। “स्वस्थ कर्मी–सुरक्षित संचालन” कार्यक्रम के तहत एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट पंकज माहेश्वरी ने अपने संस्थान का संक्षिप्त परिचय देते हुए एक्यूप्रेशर की वैज्ञानिक पद्धति पर प्रकाश डालते हुए शरीर के प्रमुख प्रेशर पॉइंट्स के बारे में विस्तार से समझाया। ममता विश्वकर्मा एवं अनिल सिंह ने कलर थेरेपी एवं सीड (बीज) थेरेपी के माध्यम से रोगों की रोकथाम एवं उपचार के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। प्रमोद कुमार ने रनिंग कर्मियों को सम्पूर्ण एक्यूप्रेशर पद्धति को (PPT) चल चित्र के माध्यम से उपस्थित रनिंग कर्मियों को ऊर्जावान, एकाग्रता व निरोगी काया के प्रयोगात्मक सुझाव दिये। रनिंग कर्मियों ने भी अपनी दैनिक कार्यशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को खुलकर विशेषज्ञों के समक्ष साझा किया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान विशेषकर सुबह के समय नींद या सुस्ती महसूस होना, कंधों एवं मांसपेशियों में जकड़न, पाचन शक्ति की कमजोरी, तथा शुगर एवं ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं का उल्लेख किया। विशेषज्ञों ने इन सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके कारणों पर प्रकाश डाला और योग, प्राणायाम एवं एक्यूप्रेशर के माध्यम से व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान सुझाए, जिससे कर्मियों को अपनी दिनचर्या में सुधार कर बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायता मिल सके। प्रतिभागियों ने इन तकनीकों का स्वयं अभ्यास कर उनके लाभों को अनुभव किया। 

शिविर के आयोजक मुख्य क्रू नियंत्रक (सा०) प्रयागराज वासुदेव पाण्डेय ने शिविर में शिरकत करने वाले सभी योगाचार्य एवं एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट का आभार व्यक्त करते हुए रनिंग कर्मियों को संरक्षित संचालन हेतु स्वस्थ शरीर का महत्व, गाड़ी संचालन के दौरान एकाग्रचित्त हो कर गाड़ी का संचालन करने, रनिंग रूम तथा घर पर क्वालिटी रेस्ट के महत्व समझाते हुए रनिंग कर्मियों को एक परिवार की तरह समस्याओं एवं उसके समाधान पर विशेष ज़ोर दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य क्रू नियंत्रक (परि०) प्रयागराज विजय कुमार गर्ग, मुख्य क्रू नियंत्रक प्रयागराज छिवकी (परि०) एस. एन. द्विवेदी, मुख्य लोको निरीक्षक विजय बहादुर एवं वी. के. सिंह ने “स्वस्थ कर्मी–सुरक्षित संचालन” के सफल आयोजन हेतु सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *