दुद्धी, सोनभद्र। विंढमगंज रोड स्थित पेट्रोल टंकी के पास एक निजी अस्पताल पर मरीज को बंधक बनाए रखने का गंभीर आरोप लगा है। फुलवार गांव के रामस्वरूप के भतीजे अर्जुन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। बताया गया कि एक सप्ताह पहले मरीज सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आया था, जहां उसे अल्ट्रासाउंड की सलाह दी गई। इसी दौरान एक युवक बहला-फुसलाकर उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहां सस्ते इलाज का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में इलाज और ऑपरेशन के नाम पर करीब ₹65 हजार का बिल थमा दिया गया।परिजनों का आरोप है कि ₹24 हजार जमा करने के बावजूद मरीज को घर नहीं जाने दिया जा रहा है और पूरा भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा है। कई बार अनुरोध के बाद भी अस्पताल प्रशासन ने मरीज को नहीं छोड़ा।इस मामले में चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर शाह आलम अंसारी ने बताया कि उन्हें शिकायत की जानकारी मिली है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो मरीज को मुक्त कराया जाएगा।
₹65 हजार बिल न देने पर मरीज को बंधक बनाने का आरोप, सीएमओ से लगाई गुहार
