रेणुकूटl म्योरपुर विकासखंड के ग्राम सभा खैराही में रविवार को परोपकार सेवा समर्पण समिति एवं स्प्रिंकलिंग स्माइल्स के संयुक्त तत्वावधान में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने मानवता और सेवा की मिसाल पेश की। पुणे निवासी सुनील प्रसाद जायसवाल एवं तृप्ति जायसवाल ने अपने सुपुत्र तन्मय जायसवाल के विवाह के अवसर को खास बनाते हुए दूर रहकर भी सोनभद्र की जरूरतमंद विधवा एवं वृद्ध महिलाओं के बीच साड़ी वितरण और भोजन की व्यवस्था करवाई। इस पहल ने समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भाव को उजागर किया।कार्यक्रम के दौरान जब महिलाओं को साड़ियाँ भेंट की गईं, तो उनके चेहरे पर झलकती खुशी और संतोष ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। इसके बाद सभी महिलाओं को ससम्मान भोजन कराया गया, जिससे माहौल में अपनापन और आनंद की अनुभूति और बढ़ गई।
कार्यक्रम में बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया और आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया। इस अवसर पर रेणुकूट से आए समाजसेवियों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। उपस्थित प्रमुख लोगों में किशन पांडेय, अमिताभ मिश्रा, मस्तराम मिश्रा, अजय गुप्ता, ओमकार गौतम, सीताराम, अनिल कुशवाहा, आनंद शुक्ला, हेमंत लोढ़ा, अभिनव मेहता, गोपीचंद मौर्य, दीपक मिश्रा सहित अनेक लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज सेवा को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। आनंद शुक्ला ने अधिक से अधिक जरूरतमंदों की मदद करने की बात कही, वहीं हेमंत लोढ़ा ने बच्चों को शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। इसने यह संदेश दिया कि खुशियां तब ही सार्थक होती हैं, जब उन्हें दूसरों के साथ साझा किया जाए।
