सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के प्रथम चरण के कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना निदेशालय से आईं प्रियासा सिंह ने अधिकारियों को जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत किए जाने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी।

अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना का प्रथम चरण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी चरण में क्षेत्र के सभी भवनों और मकानों की पहचान और सूचीकरण किया जाता है, जो आगे होने वाली जनसंख्या गणना का आधार बनता है। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, भवनों का विवरण दर्ज करने की विधि, डिजिटल माध्यमों के उपयोग, डाटा की शुद्धता और सर्वेक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें सभी अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को गंभीरता से समझें और अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सही मार्गदर्शन दें, ताकि जनगणना का कार्य बिना त्रुटि के सम्पन्न हो सके।बैठक में यह भी बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में 7 मई से 21 मई 2026 तक “स्व गणना” की व्यवस्था रखी गई है, जिसमें नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य कराया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
