भारतीय सांस्कृतिक परिषद् के तत्वावधान में ‘अंतर्विद्यालयी बाल कवि सम्मेलन’ हुआ संपन्न

बाल कवियों ने बिखेरी काव्य छटा

NTPC

प्रयागराज। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सर्वोदय नगर, भारद्वाजपुरम्, प्रयागराज में आज एक भव्य ‘अंतर्विद्यालयी बाल कवि सम्मेलन’ (काव्य प्रस्तुति प्रतियोगिता) का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली प्रतियोगिता में न केवल मेजबान विद्यालय, बल्कि जनपद के अन्य प्रतिष्ठित विद्यालयों (माघव ज्ञान केंद्र, ज्वाला देवी सिविल लाइन, ज्वाला देवी गंगापुरी, रानी रेवती देवी राजपुर, स्वामी विवेकानंद आदि ) के भैया-बहनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी काव्य प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अनिल बाबू जायसवाल, दुर्गेश दुबे, सतीश कुमार गुप्त और प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन और माँ शारदे की वंदना के साथ हुआ। अन्य विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित एवं प्रसिद्ध कवियों की रचनाओं से सदन को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहाँ वीर रस की कविताओं ने दर्शकों में जोश भर दिया, वहीं हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा। राष्ट्र-भक्ति, नारी शक्ति और पर्यावरण जैसे गंभीर विषयों पर भी छात्र-छात्राओं ने अपनी संवेदनशीलता और परिपक्वता का परिचय दिया। अन्य विद्यालयों के शिक्षकों ने भी इस मंच की सराहना करते हुए इसे छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए एक सशक्त माध्यम बताया।

निर्णायक मंडल में आमंत्रित प्रसिद्ध कवियों क्षमा द्विवेदी, के पी गिरी, आलोक वर्मा, योगेश ओझा, डॉ राम लखन शुक्ल, संजय पुरुषार्थी, शम्भूनाथ त्रिपाठी “अंशुल” ने प्रतिभागियों के शुद्ध उच्चारण, शब्द चयन, भाव-भंगिमा और मंच-प्रस्तुति  के आधार पर विजेताओं का चयन किया। इस प्रतिस्पर्धा में, विजेता छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र, उपहार एवं आरती संग्रह पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में, विजयी भैया-बहन तृतीय स्थान नियति पटेल (माधव ज्ञान केंद्र), द्वितीय स्थान रिद्धिमा शर्मा (ज्वाला देवी गंगापुरी), प्रथम स्थान प्रेरणा पांडेय (स्वामी विवेकानंद) ने प्राप्त किया एवं अर्पिता शुक्ला, सौम्या गुप्ता, अक्षरा रावत, निशांत सिंह, अभिषेक गिरी, शिवांजल यादव, मीनाक्षी मिश्रा, साक्षी तिवारी, शिवांश तिवारी, रुद्रांश ओझा एवं सत्यम यादव ने संत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथि विद्यालयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “इस प्रकार के अंतर-विद्यालयी आयोजनों से छात्रों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है और उन्हें एक-दूसरे की प्रतिभा से सीखने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का संचालन सतीश कुमार गुप्त ने किया। शांति मंत्र और राष्ट्रगान के साथ इस सफल साहित्यिक समागम का समापन हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *