पारिवारिक विवाद में युवक 33 हजार वोल्ट के टावर पर चढ़ा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

Spread the love

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज के छपका मोहल्ले में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। पुलिस की तत्परता और समझदारी से उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार कर्मा थाना क्षेत्र निवासी लगभग 23 वर्षीय विश्राम कुमार अपनी पत्नी की विदाई कराने के लिए छपका स्थित ससुराल आया था। ससुराल पक्ष द्वारा विदाई से इंकार करने पर वह आक्रोशित हो गया और पास में स्थित बिजली के टावर पर चढ़ गया।

युवक को टावर पर चढ़ता देख इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने धैर्य और संयम से काम लेते हुए युवक से लगातार बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी प्रयासों के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *