धनबाद। सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल ने आज ऐना कोलियरी, कुसुंडा के आर.के अर्थ रिसोर्सेज प्रा. लि. द्वारा संचालित डी.ई पैच में 35 टन क्षमता वाले 05 टिपर्स (हाइवा वाहनों) तथा 3.2 क्यूबिक मीटर बकेट क्षमता वाली एक एक्सकेवेटर (शॉवेल) मशीन के नवनिर्मित बेड़े का विधिवत उद्घाटन किया तथा हरी झंडी दिखाकर वाहनों को संचालन हेतु रवाना किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (कुसुंडा क्षेत्र) निखिल त्रिवेदी, महाप्रबंधक (उत्खनन) कुसुंडा, ए. के. सिंह, परियोजना पदाधिकारी (कुसुंडा) बी. के. झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी तथा आर.के अर्थ रिसोर्सेज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि नया मशीनरी बेड़ा क्षेत्र में कंपनी की उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ परिचालन दक्षता और सुरक्षा मानकों को सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल सतत रूप से तकनीकी आधुनिकीकरण, गुणवत्ता बनाए रखने तथा खनन संचालन में सर्वोत्तम प्रथाओं को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता, सुरक्षित कार्य-संस्कृति और आधुनिक उपकरणों के उपयोग से कंपनी अपने निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकेगी।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल द्वारा उत्पादन क्षमता के विस्तार तथा कोयला गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनवरी माह में मुनीडीह कोल वाशरी की एनालिटिकल प्रयोगशाला को परीक्षण (टेस्टिंग) के क्षेत्र में ISO/IEC 17025:2017 मानक के अनुरूप नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (NABL) द्वारा मान्यता प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त, 2 MTPA क्षमता वाली भोजूडीह वाशरी का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया जा चुका है, तथा 15 MTPA क्षमता वाली ब्लॉक–E परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया को वर्तमान वित्तीय वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संस्था अपने संस्थागत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, गुणवत्ता-आधारित कार्य-संस्कृति के विकास, तथा प्रौद्योगिकी-सहायक खनन प्रक्रिया को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
