विंढमगंज (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश–झारखंड सीमा क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। झारखंड की ओर से आ रहा 16 चक्का चेसिस ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पहले राजू साइकिल की दुकान को तोड़ते हुए सोमारी देवी पत्नी स्वर्गीय बैजनाथ प्रसाद की होटल में घुस गया, जिससे दुकान और होटल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दुकान से पीड़ित परिवार का जीवन-यापन होता था। घटना के समय होटल में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शी आनंद द्विवेदी ने बताया कि होटल में 5,6 लोग चाय पी रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक अचानक दुकान तोड़ते हुए होटल की ओर बढ़ आया। सभी लोग जान बचाकर पीछे की ओर भागे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक मिर्गी रोग से पीड़ित है और अचानक दौरा पड़ने के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान और होटल को भारी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिवार व स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
