ग्रामीण युवाओं ने रचा खेल इतिहास, एनटीपीसी सिंगरौली सीएसआर ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

Spread the love

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली के नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा दिनांक 30 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक स्थानीय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का 01 फरवरी 2026 को सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन एनटीपीसी सिंगरौली क्षेत्र के आसपास के इलाकों से आए युवा खिलाड़ियों ने अत्यंत उत्साह एवं खेल भावना का परिचय देते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, 100 मीटर एवं 200 मीटर (बालक एवं बालिका वर्ग), रिले रेस, रस्सा कस्सी, लॉन्ग जंप एवं हाई जंप सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एनटीपीसी सिंगरौली के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 1500 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने जोश एवं उत्साह के साथ सहभागिता की। 

समापन दिवस पर द्वितीय दिवस में संपन्न सेमीफाइनल मुकाबलों में विजयी टीमों के मध्य फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चंदुआर टीम ने विजेता तथा रानी बाड़ी टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में शक्तिनगर 11 टीम विजेता रही जबकि 9 स्टार्स टीम उपविजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में शक्तिनगर टीम ने प्रथम स्थान तथा कोहरौल टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में 11 स्ट्राइकर्स (शक्तिनगर) टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया जबकि जयंत टीम उपविजेता रही। रस्साकस्सी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शक्तिनगर के मगरमच्छ टीम विजेता तथा चिलकटांड बस्ती टीम उपविजेता रही, वहीं महिला वर्ग में बलिया नाला टीम ने विजेता एवं दियापहाड़ी टीम ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में एनटीपीसी सिंगरौली के परियोजना प्रमुख संदीप नायक, रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट), सिद्धार्थ मण्डल, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), चिलकाटांड ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान हीरालाल, नरेश कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), डॉ ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मा०सं० – राजभाषा)  सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को मेडल, शील्ड, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख संदीप नायक ने कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा न केवल खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास का भी विकास होता है।

इस वर्ष की प्रतियोगिता की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं की भागीदारी अत्यंत उल्लेखनीय रही। महिला खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सिद्ध किया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यह आयोजन एनटीपीसी सिंगरौली के नैगम सामाजिक दायित्व विभाग के उप महाप्रबंधक डॉ. ओम प्रकाश के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए भोजन एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई थी। समापन अवसर पर डॉ. ओम प्रकाश द्वारा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, समाजसेवियों एवं पत्रकार बंधुओं द्वारा की गई तथा एनटीपीसी सिंगरौली के इस प्रयास को ग्रामीण विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *