एनटीपीसी फ़रीदाबाद ने एनएसआईसी टेक्निकल सर्विसेज़ सेंटर के सहयोग से व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया

फरीदाबाद। एनटीपीसी फ़रीदाबाद ने आज अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत एनएसआईसी टेक्निकल सर्विसेज़ सेंटर, नीमका के सहयोग से दो अल्पकालिक व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया। ये प्रशिक्षण कार्यक्रम डिजिटल मार्केटिंग तथा बेकरी एवं सोया मिल्क उत्पाद पर केंद्रित हैं, जिनका उद्देश्य स्थानीय युवाओं की रोजगारयोग्यता क्षमता को बढ़ाना है। उद्घाटन समारोह में  अशुतोष सत्पथी, बिज़नेस यूनिट हेड (BUH), एनटीपीसी फ़रीदाबाद एवं बदरपुर तथा सुश्री के. श्रीलता, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

NTPC

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अशुतोष सत्पथी ने आज के प्रतिस्पर्धी परिवेश में कौशल विकास की अहम भूमिका पर बल दिया तथा प्रशिक्षुओं को उपलब्ध सीखने के अवसरों का सर्वोत्तम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समुदाय के विकास तथा युवाओं को आवश्यकता-आधारित व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाने के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

सुश्री के. श्रीलता, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सतत् सीखने के महत्व पर जोर देते हुए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतिभागियों से अर्जित कौशल का उपयोग कर सतत् आजीविका के अवसर सृजित करने का आह्वान किया तथा सीएसआर पहलों के माध्यम से समावेशी विकास हेतु एनटीपीसी के निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया। ये प्रशिक्षण कार्यक्रम व्यावहारिक एवं प्रयोगात्मक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं, जिससे प्रतिभागी स्वरोज़गार एवं आय-सृजन के अवसरों का अन्वेषण कर सकें। यह पहल एनटीपीसी फ़रीदाबाद के सामाजिक विकास में सार्थक योगदान देने, कौशल सुदृढ़ीकरण, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा आसपास के समुदायों में आजीविका के अवसरों में सुधार के सतत् प्रयासों को दर्शाती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *