रनिंग रूम प्रयागराज में रनिंग एवं संविदाकर्मियों का प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

Spread the love

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज द्वारा रनिंग एवं संविदा कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य तथा प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रनिंग रूम प्रयागराज में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ “स्वस्थ रेलकर्मी—सुरक्षित रेल संचालन” के संदेश को बढ़ावा देना था। केंद्रीय चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं उनकी टीम द्वारा कर्मचारियों की रक्त जांच, ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमआई एवं रक्तचाप की जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। विशेष रूप से रेलवे के नियमित कर्मचारियों के साथ आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मियों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का समान लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 130 से अधिक रनिंग एवं संविदा कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।

शिविर के मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. परवेज ने कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार (First Aid) एवं सीपीआर (CPR) का विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति के अचेत होने की स्थिति में सबसे पहले उसकी प्रतिक्रिया एवं सामान्य श्वास की जांच करनी चाहिए तथा आवश्यकता होने पर तत्काल सीपीआर प्रारंभ कर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने सीपीआर की सही तकनीक, सावधानियों एवं आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने के महत्व को भी विस्तार से समझाया।

प्रशिक्षण सत्र उस समय और अधिक जीवंत एवं व्यावहारिक हो गया, जब चिकित्सकों की देखरेख में लोको पायलट (मेल) ओ.पी.एस. कुशवाहा तथा सहायक लोको पायलट विवेक यादव ने रनिंग स्टाफ का प्रतिनिधित्व करते हुए मंच पर सीपीआर की बारीकियों का सफल प्रदर्शन किया वहीं संविदा कर्मियों की ओर से हाउसकीपिंग सुपरवाइजर निभा तथा हेल्पर अविनाश ने भी आगे आकर प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का लाइव डेमो प्रस्तुत किया, विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर डॉ. परवेज ने तनाव, मानसिक दबाव एवं आत्महत्या के बढ़ते मामलों के कारणों पर चर्चा करते हुए कर्मचारियों को मानसिक तनाव की पहचान, समय पर संवाद, सहयोग तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ परामर्श लेने के महत्व से अवगत कराया,मुख्य क्रू नियंत्रक (सा.), प्रयागराज वासुदेव पाण्डेय ने चिकित्सकों एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलकर्मियों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और सजग रहना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान एकाग्रता बनाए रखने तथा रनिंग रूम एवं घर पर “क्वालिटी रेस्ट” (गुणवत्तापूर्ण आराम) लेने के महत्व पर विशेष जोर दिया उन्होंने कहा कि रनिंग स्टाफ, आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी सभी रनिंग परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और सभी को आपसी सहयोग, सम्मान एवं पारिवारिक भावना के साथ मिलकर कार्य करते हुए समस्याओं का समाधान करना चाहिए कार्यक्रम के अंत में सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले रनिंग एवं संविदा कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर प्रत्येक माह आयोजित किए जाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *