प्रयागराज मंडल का वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई में शानदार प्रदर्शन

Spread the love

 प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/गुड्स, अतुल यादव के निर्देशन में प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सुव्यवस्थित योजना, सुदृढ़ समन्वय एवं निरंतर निगरानी के परिणामस्वरूप मंडल ने विभिन्न मानकों पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।

मालभाड़ा आय के क्षेत्र में मंडल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करते हुए कुल 843.63 करोड़ रुपये अर्जित किए, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के 812.04 करोड़ रुपये की तुलना में 3.9 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार, लोडिंग में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 7.945 मिलियन टन लोडिंग प्राप्त की गई, जो पिछले वर्ष के 7.436 मिलियन टन की तुलना में 6.9 प्रतिशत अधिक है। यह आंकड़ा मंडल के इतिहास का दूसरा सर्वोच्च लोडिंग प्रदर्शन है। मंडल ने नए ट्रैफिक स्रोत विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अगस्त 2025 में फतेहपुर से चावल की लोडिंग प्रारंभ की गई, जबकि मार्च 2026 में पनकी धाम से पोल्ट्री फीड का नया ट्रैफिक शुरू किया गया। पार्सल एवं लगेज आय में भी मंडल ने सराहनीय प्रगति की है। इस अवधि में ₹15.05 करोड़ की आय अर्जित की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.61 प्रतिशत अधिक है तथा निर्धारित लक्ष्य 14.95 करोड़ रुपये से अधिक रही। वहीं विविध (Sundry) आय ₹39.05करोड़ रही, जो 10.78 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है और लक्ष्य से 9.66 प्रतिशत अधिक है।

अनलोडिंग के क्षेत्र में भी मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 47.83 मिलियन टन का अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा प्राप्त किया, जो पिछले वर्ष के 44.54 मिलियन टन की तुलना में 7.39 प्रतिशत अधिक है। इस उपलब्धि के साथ प्रयागराज मंडल देशभर के मंडलों में 9वें स्थान पर रहा। पार्सल सेवाओं में भी मंडल ने 15.05 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इन सभी उपलब्धियों के पीछे मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली, बेहतर समन्वय और तकनीकी दक्षता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रयागराज मंडल द्वारा सुरक्षित, समयबद्ध एवं दक्ष रेल परिचालन के साथ-साथ माल ढुलाई में निरंतर वृद्धि के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल की ये उपलब्धियाँ न केवल भारतीय रेल के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं, बल्कि भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का स्रोत भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *