प्रधानमंत्री जी ने कानपुर महानगर को इसकी पुरातन पहचान दिलाने के नये अभियान को आगे बढ़ाया: मुख्यमंत्री

Spread the love

मुख्यमंत्री ने जनपद कानपुर नगर में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को सम्बोधित किया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद कानपुर नगर में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन के अवसर पर लगभग 388 करोड़ रुपये की 272 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 174 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 150 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 213 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 122 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी, प्रमाण-पत्र, डेमो चेक तथा टैबलेट वितरित किये। बच्चों का अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी करायी। कार्यक्रम के दौरान विकास योजनाओं से सम्बन्धित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद कानपुर उत्तर भारत के मैनचेस्टर के रूप में विख्यात था। अपने उद्योगों से इस महानगर ने अपनी अलग पहचान बनायी थी। यहां के उद्योग प्रदेश एवं उत्तर भारत के नौजवानों व नागरिकों के लिए रोजगार का एक माध्यम थे। पुण्य सलिला मोक्षदायिनी मां गंगा की अविरलता और निर्मलता कभी कानपुर नगर की पहचान थी। कानपुर नगर देश के 05 बड़े महानगरों में गिना जाता था। 1970-80 के दशक में यह जनपद अव्यवस्था, अराजकता, बन्द होते उद्योग और दुर्व्यवस्था का शिकार हो गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने इस महानगर को इसकी पुरातन पहचान दिलाने के लिए नये अभियान को आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर में विकास की अनेक सम्भावनाएं हैं। विकास के सभी कार्य तेजी के साथ आगे बढ़ते रहें, इसके लिए केन्द्र, राज्य व स्थानीय बोर्ड की ट्रिपल इंजन की सरकार तत्पर है। यह विकास की गति को भी तीन गुना करती हुई दिखायी दे रही है। मुख्यमंत्री जी ने प्रबुद्धजनों से अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर आगे बढ़ने के लिए कार्य करें। कानपुर को एक्सपोर्ट के हब के रूप में विकसित करना होगा। कानपुर को उसकी पुरातन पहचान दिलानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 10-12 फरवरी तक प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है। प्रदेश के मंत्री समूह दुनिया के कई देशों में जाकर रोड-शो कर रहे हैं। आज जर्मनी में भी प्रदेश सरकार के दो मंत्रिगणों के नेतृत्व में डेलीगेशन गया है। आज जबकि हमारा एक डेलीगेशन जर्मनी में है, आज ही ऑस्ट्रेलिया का डेलीगेशन उत्तर प्रदेश में निवेश की सम्भावनाओं के दृष्टिगत लखनऊ में मुझसे मिला है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर के उद्यमियों ने देश, दुनिया तथा प्रदेश में अनेक स्थानों पर निवेश किया है। प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश में सभी निवेशकों को सुरक्षा उपलब्ध कराते हुए तकनीकी युक्त व्यवस्था दे रही है। देश का सबसे बड़ा सिंगल विण्डो सिस्टम प्रदेश में है। यहां पर 350 से अधिक स्वीकृतियां एक साथ उपलब्ध हो रही हैं। शासन के साथ एम0ओ0यू0 होते ही, निवेश सारथी पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा उसकी मॉनीटरिंग हो रही है, जिससे समय से आपका निवेश साकार हो सके। इंसेंटिव के लिए भी आपको कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि पोर्टल के माध्यम से इंसेंटिव आपके खातों में आ जाएगा। आज उत्तर प्रदेश इस दिशा में बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर में औद्योगिक निवेश की अनेक सम्भावनाएं हैं। राज्य सरकार ने 25 सेक्टोरियल पॉलिसीज बनायी है। आप किसी भी क्षेत्र में निवेश करके अपनी पूंजी को सुरक्षित कर सकते हैं तथा प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप भारत को 05 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने तथा प्रदेश के विकास में योगदान दे सकते हैं। उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन के रूप में कार्य कर सके, इसके लिए सभी व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में कार्य करे, तो हम बेहतरीन परिणाम देने में सफल होंगे। कार्यक्रम को सांसद सत्यदेव पचौरी, देवेन्द्र सिंह भोले, कानपुर की महापौर श्रीमती प्रमिला पाण्डेय ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.