आत्मनिर्भर नगर निकाय बनाने का संकल्प लेकर जाएं नगर निकायों के अध्यक्ष- केशव प्रसाद मौर्य

Spread the love

 जिस तरह की स्थानीय निकायों के अध्यक्षों की अभिमुखीकरण कार्यशाला  आज लखनऊ में हो रही है , वापस जाकर के आप लोग अपने नगर  मे पार्षदों के साथ इसी तरह की कार्यशाला करें। सभी अध्यक्ष और पार्षद महीने में एक बार अपने नगर क्षेत्र में साफ- सफाई स्वयं झाड़ू लगाकर करें।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नगर निकायों के अध्यक्ष  अपने नगर निकाय को आत्मनिर्भर निकाय बनाने का संकल्प लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि  सभी नगर निकायों के अध्यक्ष जिस तरह की स्थानीय निकायों के अध्यक्षों की अभिमुखीकरण कार्यशाला  आज लखनऊ में हो रही है,  वापस जाकर के आप लोग अपने नगर  मे पार्षदों के साथ इसी तरह की कार्यशाला करें। श्री मौर्य आज इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में नवनिर्वाचित नगर निगमों के महापौर, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायत के अध्यक्षों के लिए आयोजित एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला के  पूर्वान्ह के सत्र  को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे, इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।

“भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ अपने सारगर्भित और ओजस्वी  उद्बोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नगर निकायों के अध्यक्षों को जहां उनके कर्तव्यों और दायित्वों का बोध कराया ,वहीं उन्होंने  उनमें नई ऊर्जा व नए उत्साह का संचार भी किया। उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों के विकास और उत्तरोत्तर प्रगति के लिए अपने अनुभव साझा किये । श्री मौर्य ने कहा स्वच्छता को लेकर नगर निकायों की बड़ी जिम्मेदारी होती है।सभी अध्यक्ष और पार्षद महीने में  कम से कम एक  दिन अपने नगर क्षेत्र में साफ- सफाई स्वयं झाड़ू लगाकर करें और बिना भेदभाव के विकास करें। 

उन्होंने नगर निकायों के अध्यक्षों का आह्वान किया कि वह नगर निकाय की माफियाओं द्वारा कब्जा की गयी जमीनो को मुक्त करायें, लेकिन गरीबों को आवास की व्यवस्था करने के बाद ही  उन्हें विस्थापित करें।

कहा कि निकाय  मे सड़कों के निर्माण में ओवरलैपिंग ना होने पाए । नगर निकायों  के एक-एक पैसे का हिसाब रखना है और यह  जिम्मेदारी नगर निकाय अध्यक्षों की है कि वह सजग होकर  कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी तालाब पानी से  लबालब भरे जाएं और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कराया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना  मे आवास के साथ दी जा रही अन्य सुविधाओं का भी उन्होंने जिक्र किया और कहा कि यह सभी सुविधाएं लाभार्थियों को मिलना  ही चाहिए । कहा कि  बेईमानी रोककर डबल इंजन सरकार चल रही है, तो आपको भी बदलाव का संकल्प लेकर जाना चाहिए। कहा   देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री मोदी जी का दुनिया में डंका बज रहा है ।

ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा ने कहा नगर ,राज्य की पहचान होते हैं। कोई भी बाहर से जिस नगर में जाता है, वहीं से देखकर प्रदेश के बारे में उसके मन में  वैसी ही छवि बनती है। उत्तर प्रदेश  कि लगभग एक तिहाई जनता नगरीय क्षेत्र में निवास करती है, जिसका प्रतिनिधित्व नगर निकायों के अध्यक्ष और पार्षद कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश अगर कोई देश होता तो आबादी के हिसाब से दुनिया का पांचवा देश होता ।कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में 65% हिस्सा नगर क्षेत्र का होता है। नगर ,निवेश के चुंबक होते हैं निवेश आकर्षित  करते हैं।  हमें प्रधानमंत्री की इच्छा के अनुरूप नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनाना है। 2047 में दुनिया में सबसे शक्तिशाली और विकसित देश भारत को बनाना है। आधुनिक भारत बनाने में नगर निकाय प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

 उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने इस अवसर पर कहा कि भारत सरकार के  9 साल के कार्यकाल में सारे सेक्टर में कायाकल्प  हुआ  है प्रधानमंत्री का विजन  देश को विकसित भारत बनाना है ।देश के अमृत काल की प्रथम बेला पर अगले 25 साल में हम ऐसे निर्माण की ओर बढ़ रहे हैं , जिसमें देश एक नया गौरव हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि कोविड काल में तमाम देशो की अर्थव्यवस्था खराब हुई ,ऐसे  में हमारा देश  आत्मनिर्भर भारत रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का ग्रोथ  इंजन  बन कर उभर रहा है।  इंजन आफ इकोनामिक ग्रोथ शहर होते हैं। शहरों की  सेवा करने का अवसर नगर निकाय के प्रतिनिधियों को मिला है। मुख्यमंत्री की संकल्पना के अनुरूप उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है।  इस ग्रोथ इंजन को ताकत देने वाले नगर निकाय हैं। 

सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने भी नगर निकाय की योजनाओं, अरबन फाइनेंसिंग, प्लान एप्रोच टू डेवलपमेंट के बारे में जानकारी दी।  कहा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनाने में नगर निकायों का भी अच्छा रोल रहेगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री नगर विकास राकेश राठौर, राज्य सरकार के नगरीय विकास कार्यों के सलाहकार केशव वर्मा ,निदेशक स्थानीय निकाय श्रीमती नेहा शर्मा के अलावा प्रदेश के महानगरों के महापौर, नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों के अध्यक्ष प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.