सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बी.एन. सिंह ने बताया कि 01 जनवरी 2026 को आधार तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस अवधि में जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का स्थानांतरण आयोग की पूर्व अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता।नोटिस चरण के अंतर्गत दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई 27 मार्च 2026 तक की जाएगी तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को निर्धारित है। आयोग की अनुमति के बिना स्थानांतरण से पुनरीक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है, इसलिए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
Blog
-

राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव और सम्मान का प्रतीक
सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज देश की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है। हर नागरिक के मन में तिरंगे के प्रति प्रेम, सम्मान और निष्ठा का विशेष स्थान है।भारतीय झंडा संहिता 2002 में संशोधन के बाद अब हाथ से बने या मशीन से निर्मित सूती, पॉलिएस्टर, ऊनी, सिल्क या खादी कपड़े से राष्ट्रीय ध्वज बनाया जा सकता है। कोई भी नागरिक, संस्था या गैर-सरकारी संगठन सभी अवसरों पर ध्वज फहरा सकता है, बशर्ते उसकी मर्यादा और सम्मान बना रहे।झंडे की लंबाई और चौड़ाई का अनुपात 3:2 होना चाहिए। फटा या मैला झंडा प्रदर्शित नहीं किया जाए। एक ही ध्वज-दंड पर अन्य झंडों के साथ राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सकता। निर्धारित गणमान्य व्यक्तियों को ही वाहन पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अनुमति है। विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
-

पंचायत निर्वाचन नामावली के वृहद पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारणी जारी
सोनभद्र। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण के लिए संशोधित समय-सारणी निर्धारित की गई है।
दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पांडुलिपियां तैयार करने एवं सत्यापन की अवधि 7 जनवरी से 16 मार्च 2026 तक निर्धारित है। पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण 21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक किया जाएगा।मतदाता सूचियों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता आवंटन तथा डाउनलोडिंग की प्रक्रिया 17 मार्च से 13 अप्रैल 2026 तक चलेगी। अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। पुनरीक्षण के दौरान सार्वजनिक अवकाश के दिन भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।
-

होली पर 4 मार्च को शाम 4 बजे तक शराब, भांग और ताड़ी की दुकानें बंद रहेंगी
सोनभद्र। होली पर्व को देखते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था और लोक शांति बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट बद्री नाथ सिंह ने आदेश जारी किया है।04 मार्च 2026 को अपराह्न 4 बजे तक जनपद की सभी देशी शराब, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग और ताड़ी की फुटकर एवं थोक दुकानें बंद रहेंगी।संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम 1910 की धारा 59 के तहत यह आदेश जारी किया गया है। बंदी दिवस के लिए अनुज्ञापियों को किसी प्रकार का प्रतिफल देय नहीं होगा। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
-

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने विनोद जाखड़,बढ़ौली चौराहे पर मिष्ठान वितरण, छात्र नेताओं ने नारे लगाकर किया स्वागत
सोनभद्र। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राजस्थान प्रदेश के एनएसयूआई अध्यक्ष एवं राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रहे विनोद जाखड़ को राष्ट्रीय छात्र संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जैसे ही नियुक्ति की घोषणा हुई, छात्र नेताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।बढ़ौली चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “विनोद जाखड़ जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।जिला अध्यक्ष अंशु गुप्ता ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज थीं और विभिन्न प्रदेशों के नेताओं के इंटरव्यू भी हुए थे। ऐसे में विनोद जाखड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी का कार्यकाल भी सराहनीय रहा और अब नए नेतृत्व में संगठन और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।उन्होंने विश्वास जताया कि विनोद जाखड़ स्वयं छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और छात्र-छात्राओं की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उनके नेतृत्व में पूरे देश में एनएसयूआई को नई मजबूती मिलेगी और उत्तर प्रदेश में भी छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सौम्य सोनकर, छात्र नेता संदीप गुप्ता, अमित पटेल, सौर्य सिंह, वेणु पांडेय, शिवांश कुमार, निक्कू जायसवाल, अंकित सिंह और स्रायांश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-

एनसीएल की निगाही परियोजना ने सीएसआर के तहत वार्ड 24 में लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
150 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का उठाया लाभ
सोनभद्र, सिंगरौली। एनसीएल द्वारा सीएसआर के तहत सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से समय-समय पर अनेक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है, इसी क्रम में गत गुरुवार को एनसीएल की निगाही परियोजना ने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत वार्ड क्रमांक 24, नवानगर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।

शिविर के दौरान निगाही परियोजना से चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित लोगों के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण सहित गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया तथा उन्हें नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया। इस अवसर पर 150 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवा कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया जिसमें 30 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।
गौरतलब है कि एनसीएल, अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए ऐसे शिविरों का आयोजन करता रहता है ताकि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। -

विंध्याचल में इंडस्ट्रियल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ
सोनभद्र, सिंगरौली। विंध्याचल के वीवा क्लब में बहुप्रतीक्षित इंडस्ट्रियल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों एनटीपीसी विंध्याचल, एनटीपीसी रिहंद, एनटीपीसी सिंगरौली, एनसीएल, रिलायंस पावर (सासन), हिंडाल्को (महान) तथा अदानी पावर की टीमें भाग ले रही हैं। यह आयोजन फिटनेस, टीमवर्क और अंतर-उद्योगीय सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ए.जे. राजकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एम. सुरेश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम), एस.के. सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम) एवं अध्यक्ष (स्पोर्ट्स काउंसिल) तथा डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा) भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त नवनीत कुमार, अपर महाप्रबंधक (प्रचालन) एवं उपाध्यक्ष (स्पोर्ट्स काउंसिल), श्रीमती मृणालिनी, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा श्रीमती कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
अतिथियों ने अपने संबोधन में खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि टीम भावना और आपसी सहयोग को भी प्रोत्साहित करते हैं। उद्घाटन मुकाबले में एनटीपीसी विंध्याचल ने एनटीपीसी सिंगरौली को 5–0 से पराजित कर शानदार शुरुआत की, जिस पर दर्शकों ने जोरदार तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आगामी दिनों में रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों की श्रृंखला इस टूर्नामेंट को और भी आकर्षक बनाएगी। स्पोर्ट्स काउंसिल ने सभी प्रतिभागी टीमों, अधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। -

नौगढ़ वन रेंज के पण्डी जंगल में बन सकती है प्रदेश की दूसरी लायन सफारी
वन विभाग ने शुरू की तैयारी
नौगढ़। (ओमकार नाथ) नौगढ़ वन क्षेत्र के पण्डी जंगल में प्रदेश की दूसरी लायन सफारी बनाए जाने की संभावना तेज हो गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर वन विभाग ने कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है।
प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर जल्द ही शासन को भेजा जाएगा।जानकारी के अनुसार प्रभागीय वनाधिकारी काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के निर्देश पर इस परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
प्रस्ताव को रामनगर स्थित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय से शासन को भेजा जाएगा।शासन से स्वीकृति मिलने के बाद करीब 400 हेक्टेयर वनभूमि में लायन सफारी का निर्माण किया जाएगा।
वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नौगढ़ वन क्षेत्र प्राकृतिक रूप से समृद्ध और वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण वाला क्षेत्र है। यहां घना जंगल, जल स्रोत और पर्याप्त खुला क्षेत्र उपलब्ध है जो लायन सफारी के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। सफारी बनने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रदेश में वर्तमान समय में केवल इटावा सफारी पार्क ही लायन सफारी के रूप में संचालित हो रहा है। नौगढ़ में भी लायन सफारी का निर्माण होने से यह उत्तर प्रदेश की दूसरी लायन सफारी होगी। इससे नौगढ़ क्षेत्र की पहचान प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शासन से स्वीकृति मिलने के बाद भूमि चिह्नांकन, सुरक्षा व्यवस्था, बाउंड्री निर्माण, वन्यजीव संरक्षण और पर्यटकों की सुविधाओं से संबंधित कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लायन सफारी बनने से क्षेत्र का समग्र विकास होगा और नौगढ़ वन क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।
-

बालको अस्पताल में नई फार्मेसी का शुभारंभ,क्षेत्रीय मरीजों को मिलेगी आसानी से दवा
कोरबा।बालको मेडिकल सेंटर द्वारा बालको अस्पताल परिसर में एक नई फार्मेसी (औषधि भंडार) की शुरुआत की गई है। इस फार्मेसी का उद्घाटन भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार तथा बालको मेडिकल सेंटर की चिकित्सा निदेशक डॉ. भावना सिरोही द्वारा किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सक अधिकारी श्री विवेक सिंहा एवं कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
इसका उद्देश्य कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एक ही स्थान पर आसानी से कम कीमत और उचित समय पर आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराना है। नई फार्मेसी के शुरू होने से अब मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयों के लिए शहर के दूर-दराज इलाकों में भटकना नहीं पड़ेगा। यहाँ सामान्य से लेकर विशेष उपचार में उपयोग होने वाली आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध रहेंगी, जिन पर विशेष रियायत भी दी जाएगी, जिससे इलाज का खर्च कम होगा और मरीजों को समय पर दवा मिल सकेगी।
बालको के सीईओ राजेश कुमार ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मरीजों को उपचार के साथ-साथ दवाइयाँ भी उसी परिसर में आसानी से मिल सकेंगी। कंपनी हमेशा सामुदायिक स्वास्थ्य विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
-

वेंडर विकास कार्यक्रम में एनटीपीसी बाढ़ की सहभागिता
पटना।भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित “सीपीएसई स्तर वेंडर विकास कार्यक्रम सह उत्पाद प्रदर्शनी” में एनटीपीसी बाढ़ की टीम ने सहभागिता की है। यह कार्यक्रम एमएसएमई मंत्रालय द्वारा 19 एवं 20 फरवरी 2026 को मुंगेर जिले के लोकोमोटिव वर्कशॉप, जमालपुर (पूर्व रेलवे) में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य सीपीएसई एवं स्थानीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित कर सार्वजनिक खरीद नीति के अंतर्गत अधिक से अधिक वेंडरों को जोड़ना है। उद्घाटन सत्र में एनटीपीसी बाढ़ से श्री बोब्बिली वेंकट अप्पाराव, एजीएम, (सी एंड एम) एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एनटीपीसी बाढ़ के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में एनटीपीसी की खरीद प्रक्रिया, वेंडर पंजीकरण, गुणवत्ता मानकों तथा संभावित आपूर्ति के अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में एनटीपीसी बाढ़ द्वारा एमएसएमई के नमूना स्पेयर पार्ट्स का प्रदर्शन किया गया। एनटीपीसी बाढ़ के स्टॉल पर लगभग 50 वेंडरों ने आकर उत्पादों, तकनीकी आवश्यकताओं एवं पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
एनटीपीसी बाढ़ की भागीदारी से स्थानीय उद्यमियों को ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध व्यावसायिक संभावनाओं तथा सहयोग के नए अवसरों की जानकारी मिली। इस कार्यक्रम में सहभागिता श्री सी. सत्य रामा कृष्ण, परियोजना प्रमुख (बाढ़) के मार्गदर्शन में की गई।
