Blog

  • शतक’ फिल्म राष्ट्रसेवा का जीवंत दस्तावेज – श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े

    शतक’ फिल्म राष्ट्रसेवा का जीवंत दस्तावेज – श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े

    *महिला बाल विकास मंत्री ने प्रथम दिवस देखी फिल्म, युवाओं से की प्रेरणा लेने की अपील*

    रायपुर,/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की प्रेरक यात्रा पर बनी फिल्म ‘शतक’ के रिलीज के पहले दिन महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने फिल्म देखी। इस फिल्म में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी यात्रा, संगठन की शक्ति, अनुशासन, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों की समृद्ध परंपरा का भावनात्मक एवं प्रभावशाली चित्रण किया गया है। यह फिल्म राष्ट्र जीवन में संघ के योगदान, त्याग और समर्पण की प्रेरक गाथा को दर्शाती है।

    मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि रिलीज के पहले दिन ‘शतक’ फिल्म देखकर मुझे अत्यंत गर्व और आत्मिक संतोष का अनुभव हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ‘शतक’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और संगठन की शक्ति का जीवंत दस्तावेज है। श्रीमती राजवाड़े ने प्रदेश के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आग्रह किया है कि वे इस प्रेरणादायी फिल्म को अवश्य देखें और राष्ट्र निर्माण के इस महान विचार से प्रेरणा लें।

  • नक्सल प्रभावित सुकमा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम…

    नक्सल प्रभावित सुकमा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम…

    *आकांक्षा प्रोजेक्ट के तहत 35 युवा रोजगार हेतु चेन्नई रवाना*

    रायपुर / नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाले सुकमा जिले से आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 35 युवा (16 युवतियां एवं 19 युवक) प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार प्राप्त करने हेतु चेन्नई के लिए रवाना हुए। यह अवसर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में संचालित प्रयासों का परिणाम है।

    जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में संचालित ‘आकांक्षा – सशक्त युवा, सशक्त सुकमा’ कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित युवाओं को लाइवलीहुड कॉलेज परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर युवाओं में उत्साह, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी।

    *एमओयू के माध्यम से रोजगार के अवसर*

    जिला प्रशासन ने निजी क्षेत्र में रोजगार के ठोस अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चेन्नई स्थित ड्राइव मैनेजमेंट सर्विसेज के साथ एक विशेष एमओयू किया है। इस साझेदारी के माध्यम से सुदूर अंचलों के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पहल उन युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध हो रही है, जिन्हें अब तक अवसरों की सीमित उपलब्धता के कारण प्रतिस्पर्धात्मक मंच नहीं मिल पाता था।

    *महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*

    चयनित युवाओं में 16 युवतियों की भागीदारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह पहल न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती है, बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन का भी संकेत है। पहली बार जिले से बाहर रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलने से युवाओं में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की भावना सुदृढ़ हुई है।

    कलेक्टर अमित कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आकांक्षा – सशक्त युवा, सशक्त सुकमा’ कार्यक्रम केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास को नई उड़ान देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सुकमा का प्रत्येक युवा कौशलयुक्त बने और उसे आजीविका के लिए श्रेष्ठ मंच प्राप्त हो। ग्राम आसिरगुड़ा, कोंटा निवासी सोड़ी बसंती ने बताया कि यह उनके जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है। पहली बार घर से बाहर जाकर रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिला है, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक सहायता कर सकेंगी।बोरगुड़ा निवासी सोनिया नुप्पो ने जिला प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

    गौरतलब है कि सुकमा जिला प्रशासन भविष्य में भी रोजगार मेलों, कौशल विकास प्रशिक्षण एवं उद्योग साझेदारियों के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल नक्सल प्रभावित क्षेत्र की पहचान से आगे बढ़कर सुकमा को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और अवसरों से परिपूर्ण जिले के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर, लाइवलीहुड कॉलेज के प्रभारी अधिकारी श्री कैलाश कश्यप सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

  • कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में प्रो. मनोज दयाल ने संभाला कुलपति का पदभार

    कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में प्रो. मनोज दयाल ने संभाला कुलपति का पदभार

    रायपुर, / प्रतिष्ठित मीडिया शिक्षाविद प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने आज कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर रायपुर के संभागायुक्त महादेव कावरे ने कुलपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। 

        कुलपति प्रो. दयाल ने विश्वविद्यालय के प्रेरणास्रोत, अद्भुत संगठन शिल्पी और त्याग-सादगी की प्रतिमूर्ति कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर प्रशासनिक एवं अकादमिक कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने माननीय राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से परिचय प्राप्त किया। प्रो. दयाल ने ग्रंथालय में शोधार्थियों एवं पीजी विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके शोध कार्यों की जानकारी ली। विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो स्टेशन रेडियो संवाद 90.8 एफएम में उन्होंने शुभकामना संदेश रिकॉर्ड किया तथा टेलीविजन स्टूडियो और विभिन्न संकाय भवनों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में संचालित पाठ्यक्रमों की कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने नवागत कुलपति का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

  • सरस मेला वाराणसी का शंखनाद….

    सरस मेला वाराणसी का शंखनाद….

    *रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) सरस मेला वाराणसी-2026 का भव्य शुभारंभ माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ* 

    वाराणसी।  दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वाधान में रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) सरस मेला वाराणसी-2026 का भव्य शुभारम्भ शुक्रवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्व विद्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। शुभारम्भ के पावन अवसर पर विख्यात शंख वादक राम जनम योगी द्वारा शंखनाद कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों (तेलंगाना, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, ओड़िसा, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र प्रमुख हैं) के 100 से अधिक स्टाल खबर लिखे जाने तक कार्यक्रम स्थल पर लगाये जा चुके थे, जिसमें सिल्क साड़ी, जुट बैग, कालीन, अचार मुरब्बा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाद्य पदार्थ आदि हैं | जनपद वाराणसी में यह सरस मेला 05 वीं बार आयोजित हो रहा है। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के सहयोग से रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) के सरस मेले का आयोजन राजधानी लखनऊ एवं सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी में आयोजित किया जाता है | समय -समय पर मण्डल स्तरीय एवं जनपद स्तरीय मेले का आयोजन कर महिला समूहों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने हेतु कार्य किया जाता है। 

    जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने महिलाओं के आजीविका कार्यों की सराहना की एवं उन्हें प्रेरित कर प्रधानमंत्री जी के महत्वाकांक्षी योजना लखपति कार्यक्रम से जुड़ने का आवाहन किया साथ ही वाराणसी की महिलाओं को अन्य प्रदेश से आयी महिलाओं के उत्पादों एवं समूहों से समन्वय कर अनुभव एवं बाजार के बारे में जानकारी साझा हेतु सुझाव दिया गया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपने उदबोधन में कहा कि विभिन्न प्रदेशों में करोड़ों परिवार समूह से जुड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश राज्य में ही एक करोड़ से अधिक परिवार विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें हुए हैं एवं विभिन्न प्रकार के आजीविका परक गतिविधियों में लगे हैं। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को एक नयी पहचान मिली है। मेले में आयी महिलाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी द्वारा सभी को किसी न किसी आजीविका से जुड़ने हेतु आवाहन किया गया। महानगर अध्यक्ष भाजपा ने मातृशक्ति का आवाहन करते हुए महिलाओं को समाज कि मुख्य धारा से जुड़ने हेतु प्रेरित किया। उपायुक्त (स्वत: रोजगार) वाराणसी पवन कुमार सिंह द्वारा मेले की रुपरेखा एवं आयोजन के उद्देश्य को विस्तार से चर्चा किया गया ।  कार्यक्रम का सञ्चालन सुजीत चौबे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी संजय नायक द्वारा किया गया। पूर्व में आयोजित मेले में समूह उत्पादों की मांग खूब रही थी जिससे इस बार भी मेले में आये समूहों को अच्छी आमंदनी होने का अनुमान है। कार्यक्रम में प्रथम दिवस सांस्कृतिक पंडित दुर्गा प्रसाद की टीम के द्वारा प्रस्तुत किया गया | कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा  विभिन्न प्रदेशों से आये स्टाल का अवलोकन कर समूह के सदस्यों से वार्ता की गयी। इस अवसर पर विभिन्न समूह से आयी  सैकड़ों महिलाएं एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

  • विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा के कार्यों की खुलकर सराहना की

    विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा के कार्यों की खुलकर सराहना की

    समाजवादी सरकार के कार्यकाल में लोग बिजली के तारों पर सुखाते थे कपड़े, आज 24 घंटे रोशन है उत्तर प्रदेश

    लखनऊ। विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री 1988 बैच के अनुभवी आईएएस अधिकारी रहे हैं और अपने प्रशासनिक अनुभव का लाभ प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोग उन्हें अनावश्यक रूप से घेरने का प्रयास करते हैं, लेकिन उनके कार्य स्वयं उनकी प्रतिबद्धता और दक्षता का प्रमाण हैं।

    *7159 मेगावाट से 18136 मेगावाट तक – ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक छलांग*

    मुख्यमंत्री ने सदन को अवगत कराया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय प्रदेश में कुल ऊर्जा उत्पादन क्षमता मात्र 7159 मेगावाट थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश अपने स्वयं के स्रोतों से 18136 मेगावाट पावर जनरेशन क्षमता की ओर अग्रसर है। यह वृद्धि केवल आंकड़ों का विस्तार नहीं, बल्कि प्रदेश की औद्योगिक, कृषि एवं घरेलू जरूरतों की पूर्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक परिवर्तन है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज उत्तर प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रहा है, जिसका श्रेय ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व में किए गए सुनियोजित प्रयासों को जाता है।

    *पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से सोलर क्रांति*

    मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने आम नागरिक को ऊर्जा उत्पादक बनने का अवसर दिया है। उत्तर प्रदेश ने इस योजना के अंतर्गत 1.29 गीगावॉट सौर क्षमता अर्जित कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।उन्होंने कहा कि अब हर व्यक्ति ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकता है और सोलर ऊर्जा के माध्यम से न केवल बिजली प्राप्त कर सकता है, बल्कि अतिरिक्त आय का स्रोत भी बना सकता है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक समय था जब प्रदेश में बिजली की इतनी कमी थी कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे। आज वही उत्तर प्रदेश 24 घंटे जिला मुख्यालयों पर, 22 घंटे तहसील मुख्यालयों पर और 18 घंटे ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है।उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनकी पीड़ा यह नहीं है कि बिजली नहीं आ रही, बल्कि उनकी पीड़ा यह है कि अब बिजली क्यों आ रही है। क्योंकि अंधेरे में जो कारनामे होते थे, वे अब बंद हो गए हैं। प्रकाश व्यवस्था से पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हुई हैं।

  • वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त

    वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त

      23 फरवरी से होगा पर्चा का वितरण, 24 फरवरी को होगा दाखिला

      9 मार्च को होगा मतदान, उसी दिन मतगणना ,परिणाम की घोषणा होगी

    सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सत्र 2025 -2026 के चुनाव हेतु एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एडवोकेट ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र का चुनाव कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। उनके सहयोग के लिए सुरेश सिंह कुशवाहा एडवोकेट व राजकुमार सिंह पटेल एडवोकेट को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एडवोकेट ने कहा कि चुनाव अधिकारी का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी होती है। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना, जिसमें मतदान, मतगणना और परिणामों की घोषणा शामिल है।
    मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि चुनाव का समय सारणी घोषित कर दिया गया है। नामांकन प्रपत्र वितरण व जमा 23 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 तक होगा। नामांकन सूची का प्रकाशन व नामांकन प्रपत्र पर आपत्ति तथा नामांकन प्रपत्र की जांच व आपत्ति का निस्तारण 25 फरवरी 2026 को होगा। वैध नामांकन सूची का प्रकाशन व नामांकन प्रपत्र वापसी व अंतिम सूची का प्रकाशन 26 फरवरी 2026 को होगा। निःशुल्क मतदाता सूची का वितरण 27 फरवरी को व टेंडर मतदान 7 मार्च 2026 को होगा। मतदान की तिथि 9 मार्च 2026 को नियत की गई है। उसी दिन मतगणना होगी तथा उसी दिन परिणाम की घोषणा होगी तथा एल्डर कमेटी द्वारा शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव एडवोकेट,वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट, महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह मौर्य एडवोकेट, चतुर्भुज शर्मा एडवोकेट, एल्डर कमेटी के सदस्यगण मुश्ताक अली एडवोकेट, निर्मलेंद्र कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, रमेश चंद्र सिंह एडवोकेट व छोटे लाल गौतम एडवोकेट मौजूद रहे।

  • वृंदावन के कलाकारों ने श्री श्याम सगाई व माखन चोरी की लीला का किया भावपूर्ण मंचन

    वृंदावन के कलाकारों ने श्री श्याम सगाई व माखन चोरी की लीला का किया भावपूर्ण मंचन

     रासलीला के पांचवें दिन श्री श्याम सगाई व माखन चोरी की लीला का हुआ मंचन,भाव विभोर हुए भक्त

     सोनभद्र। नगर के रामलीला मैदान में चल रहे 11 दिवसीय श्री कृष्ण रासलीला के  पांचवें दिन भगवान श्री कृष्ण का गोपियों संग रासलीला, श्री श्याम राधा जी की सगाई की रस्म व इसके बाद माखन चोरी का भावपूर्ण मंचन वृंदावन के कलाकारों द्वारा किया गया। श्री विशाखा रमन बिहारी रासलीला मंडल के संचालक स्वामी दाऊ दयाल उपाध्याय के निर्देशन में चल रही श्रीकृष्ण रासलीला में रविवार की रात भगवान श्री कृष्ण की बचपन की माखन चोरी की अलग-अलग लीलाओं में श्री कृष्ण कैसे गोपियों के घर जाकर माखन चुराया करते थे, दिखाया गया।
    इस दौरान कान्हा के माखन चुराने की शिकायत लेकन पहुंची गोपियों का मंचन सबसे आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान एक गोपी कान्हा जी को पकड़कर यशोदा मैया के पास लेकर पहुंचती है, लेकिन भगवान उस गोपी के बेटे का रूप धारण कर लेते हैं। पंडाल में मौजूद दर्शकों ने इस मंचन को देखकर खूब तालियां बजाई। इस दौरान नंद गांव में पहुंची राधा जी की सगाई का मंचन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जितेंद्र सिंह,कृष्ण मुरारी गुप्ता,सचिन गुप्ता,धीरज जालान,रामप्रसाद यादव, राजेश सोनी, धर्मेश सिंह खरवार,मनोज सिंह, मनोज यादव, सत्यनारायण यादव, उमेश यादव, सौरभ यादव,विजय कानोड़िया, सरजू प्रसाद, संदीप पांडेय, डॉ. चंद्रभूषण पांडेय, डॉ. अनिल पांडेय, हर्ष केसरी, प्रदीप केशरी, उमेश केसरी राहुल मोदनवाल,लल्लू मोदनवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • राष्ट्रीय लोक दल में महिलाओं को मिली नई जिम्मेदारी

    राष्ट्रीय लोक दल में महिलाओं को मिली नई जिम्मेदारी

    सोनभद्र। राष्ट्रीय लोक दल के कार्यालय पर आज पार्टी को जनपद में मजबूत करने हेतु महिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।  दर्जनों महिलाओं ने सदस्यता ग्रहण किया।  राष्ट्रीय लोक दल के जिला महिला कार्यकारिणी में महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारी भी दी गई। कार्यकारी  अध्यक्ष के रूप में पूजा यादव,  जिला उपाध्यक्ष अनीता देवी,चिंता मौर्य,गीता मौर्य को  जिम्मेदारी मिली ।  वहीं पुनम शर्मा,चंद्रकला को महासचिव  ऊषा देवी,सुनीता देवी,रिंकी देवी को सचिव की जिम्मेदारी मिली। साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष कर्मा की जिम्मेदारी मनसा देवी,   अल्पना पटेल को घोरावल ब्लाक अध्यक्ष की जिम्मेदारी पार्टी द्वारा दिया गया। 

    जिला अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी में महिलाओं की भूमिका अत्यंत आवश्यक होती है । केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में हमारी पार्टी की महिलाओं द्वारा आदिवासी समाज पिछड़ा समाज आदि में जानकारी देने और लाभान्वित कराने का कार्य किया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायत को लेकर त्रिपाठी ने कहा कि इस बार जनपद में त्रिस्तरीय चुनाव में सबसे ज्यादा महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा और ज्यादा से ज्यादा सीटों पर राष्ट्रीय लोक दल का कब्जा रहेगा जिससे कि जनपद में पार्टी को मजबूती मिल सके। महिला प्रकोष्ठ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों द्वारा मिठाई खिलाकर बधाई दिया गया। उक्त आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी विकास पांडेय द्वारा दिया गया।

  • 22 फरवरी को एचएनएलयू के 9वें दीक्षांत समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश देंगे दीक्षांत उद्बोधन

    22 फरवरी को एचएनएलयू के 9वें दीक्षांत समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश देंगे दीक्षांत उद्बोधन

    रायपुर / छत्तीसगढ़ का प्रमुख विधि शिक्षण संस्थान हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) में , जिसे वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स फॉर इनोवेशन (WURI) द्वारा नेतृत्व श्रेणी में वैश्विक स्तर पर 42वाँ स्थान तथा इंडिया टुडे (2025) द्वारा विधि विश्वविद्यालयों में 5वाँ स्थान प्राप्त हुआ है, 9वाँ दीक्षांत समारोह 22 फरवरी 2026 (रविवार) को आयोजित की गयी है ।

    भारत के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सूर्यकांत, मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा होंगे तथा दीक्षांत उद्बोधन देंगे।

    न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं कुलाधिपति, एचएनएलयू, अपने गौरवान्वित अभिभावकों की उपस्थिति में 6 पीएच.डी., 88 एलएल.एम. तथा 148 बी.ए. एलएल.बी. (ऑनर्स) स्नातकों को उपाधि प्रदान करेंगे। दीक्षांत समारोह का आयोजन दोपहर 2:00 बजे से 4:45 बजे तक एमराल्ड हॉल, होटल बेबीलॉन कैपिटल, रायपुर में किया जाएगा। उपस्थिति आमंत्रण द्वारा होगी।

    गणमान्य अतिथि अतिथि विशिष्ट के रूप में समारोह की शोभा होंगे :

    विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़, न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा, न्यायाधीश, भारत का सर्वोच्च न्यायालय एवं सदस्य, कार्यकारी परिषद, एचएनएलयू, न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा, न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय

    सके अतिरिक्त समारोह में उपस्थित रहेंगे:

    न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू, उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़, न्यायमूर्ति पी. सैम कोशी, उच्च न्यायालय तेलंगाना, न्यायमूर्ति जी. रघुराम, पूर्व निदेशक, राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी, भोपाल, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के अन्य माननीय न्यायाधीश

    देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के कुलपति, प्रख्यात शिक्षाविद्, अधिवक्ता समुदाय के सदस्य तथा वरिष्ठ शासकीय अधिकारी भी समारोह में सहभागी होंगे।

    दीक्षांत समारोह में 10 स्नातक एवं 3 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए कुल 36 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएँगे। इनमें प्रमुख हैं:

    कुलाधिपति स्वर्ण पदक

    विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक (सर्वश्रेष्ठ उत्तीर्ण छात्र)

    छत्तीसगढ़ राज्य बार परिषद स्वर्ण पदक

    स्वर्गीय कमल नारायण शर्मा स्वर्ण पदक

    स्वर्गीय श्रीमती शांति देवी अग्रवाल स्मृति स्वर्ण पदक

    श्री विद्याधर मिश्रा स्मृति स्वर्ण पदक

    दिनेश प्रसाद श्रीवास्तव स्मृति स्वर्ण पदक

    स्वर्गीय हमीदुल्लाह खान (पूर्व विधायक, कबीरधाम) स्वर्ण पदक

    स्वर्गीय के. पी. मुंशी स्वर्ण पदक

    सैयद वकील अहमद रिज़वी स्वर्ण पदक आदि।

    एचएनएलयू की प्रमुख उपलब्धियाँ (2025)

    संस्थागत कल्याण एवं नीतिगत पहल

    हेल्थ शील्ड कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा प्रतिपूर्ति ₹9,000 से बढ़ाकर ₹30,000।

    ₹1 करोड़ की प्रारंभिक निधि के साथ स्टाफ कम्पैशनेट फंड नीति का शुभारंभ।

    अनुसंधान एवं अनुदान

    छत्तीसगढ़ के लिए जलवायु परिवर्तन विधायन पर परियोजना (वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा स्वीकृत)।

    भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) की प्रमुख शोध परियोजना — अबूझ माड़िया भाषा, संस्कृति एवं समाज का अध्ययन।

    प्रोजेक्ट जस्टिस कनेक्ट — अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा ₹3.35 करोड़ का अनुदान (2025–2028)।

    शैक्षणिक एवं जन-संवाद

    द्वितीय एचएनएलयू अंतरराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता (HIMCC) 2025 का आयोजन।

    स्वामी विवेकानंद स्मृति व्याख्यान — ओ. पी. चौधरी द्वारा।

    डॉ. बी. आर. अम्बेडकर स्मृति व्याख्यान — न्यायमूर्ति एस. रवींद्र भट द्वारा।

    दीक्षांत समारोह के अवसर पर निम्नलिखित प्रकाशनों का विमोचन भी किया जाएगा:

    एचएनएलयू जर्नल ऑफ लॉ एंड सोशल साइंसेज़ – खंड IX, अंक I एचएनएलयू स्टूडेंट लॉ जर्नल – खंड II, संविधान @ 75 पर संपादित पुस्तक, शिलान्यास एवं अधोसंरचना विस्तार।

    दीक्षांत समारोह से पूर्व भारत के मुख्य न्यायाधीश एचएनएलयू परिसर में ₹50 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले नए ऑडिटोरियम परिसर का शिलान्यास करेंगे।मुख्य अतिथि द्वारा नव स्थापित आर-हास (रिसर्च हब एंड स्पोक) ब्लॉक का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिसमें 30 अनुसंधान कक्ष एवं एक बोर्ड रूम सम्मिलित हैं। एचएनएलयू विधि शिक्षा एवं संस्थागत उत्कृष्टता की दिशा में सतत योगदान देता रहा है। विश्वविद्यालय को इंडिया टुडे द्वारा विधि महाविद्यालयों में 5वाँ स्थान तथा WURI रैंकिंग में विज़नरी लीडरशिप श्रेणी में वैश्विक स्तर पर 46वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। पूरा दीक्षांत समारोह एचएनएलयू के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।

  • सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्टता हेतु गोल्डन पीकॉक अवार्ड–2025 से सम्मानित हुई एनसीएल

    सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्टता हेतु गोल्डन पीकॉक अवार्ड–2025 से सम्मानित हुई एनसीएल

    सोनभद्र, सिंगरौली।  सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक अवार्ड–2025 से सम्मानित किया गया है। कंपनी को यह सम्मान सीएसआर के अंतर्गत स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वच्छता तथा बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए गुरुवार को मुंबई में आयोजित 20वें अंतर्राष्ट्रीय सीएसआर कॉन्फ्रेंस के दौरान निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व – राष्ट्रीय श्रेणी में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में एनसीएल की ओर से निदेशक (मानव संसाधन), एनसीएल मनीष कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर)  राजीव रंजन एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
    इस दौरान आयोजित कॉन्फ्रेंस में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन)  मनीष कुमार ने कंपनी के परिचालन क्षेत्रों में संचालित अग्रणी सीएसआर पहलों एवं स्थानीय समुदायों को सतत लाभ पहुंचाने वाले बुनियादी विकासात्मक कार्यों की विस्तृत प्रस्तुति दी। एनसीएल की इस विशिष्ट उपलब्धि पर कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी)  बी. साईराम, निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (वित्त)  रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी)  आशुतोष द्विवेदी तथा सीवीओ, एनसीएल अजय कुमार जायसवाल ने टीम एनसीएल को बधाई दी और कहा कि एनसीएल परिधीय समुदायों के सामाजिक विकास के प्रति सदैव कटिबद्ध है।
    गौरतलब है कि एनसीएल देश की ऊर्जा आपूर्ति के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के समावेशी विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। गोल्डन पीकॉक अवार्ड्स इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स, इंडिया द्वारा सीएसआर सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय एवं वैश्विक श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं।