Blog

  • 62वें जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

    62वें जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

    रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिवस के अवसर पर जशपुर जिले के दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर पहुँचकर भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय तथा परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर परिसर में परिक्रमा कर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की मंगलकामना की। उन्होंने प्रदेश में शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना करते हुए कहा कि जनकल्याण ही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रदेश के विकास के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।

    इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

  • बच्चों के चेहरों की मुस्कान बना मुख्यमंत्री श्री साय के जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार

    बच्चों के चेहरों की मुस्कान बना मुख्यमंत्री श्री साय के जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार

    *मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे: जन्मदिन बना यादगार*

    रायपुर /मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिवस को जशपुर के बगिया स्थित बालक आश्रम के बच्चों के बीच जिस आत्मीयता और स्नेह के साथ मनाया, उसने इस दिन को बच्चों के जीवन की एक अविस्मरणीय स्मृति बना दिया। जैसे ही मुख्यमंत्री आश्रम परिसर पहुँचे, बच्चों के चेहरों पर खुशी की चमक दौड़ गई। वे दौड़कर उनके पास आए और कुछ ही क्षणों में पूरा वातावरण एक पारिवारिक मिलन जैसा हो गया। उस पल मुख्यमंत्री किसी पद पर आसीन व्यक्ति नहीं, बल्कि बच्चों के अपने स्नेही अभिभावक की तरह उनके बीच दिखाई दे रहे थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके साथ बैठकर बातें कीं।  उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, पढ़ाई के बारे में जाना, उनके सपनों को सुना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। जब मुख्यमंत्री बच्चों से बात कर रहे थे, तब उनके चेहरे पर झलकता स्नेह और अपनत्व बच्चों के मन में गहरा विश्वास जगा रहा था। बच्चे भी पूरी सहजता से उनसे बातें करते हुए खुशी से चहकते रहे। 

    आश्रम परिसर में उस समय जो दृश्य था, वह एक परिवार के बीच मनाए जा रहे उत्सव जैसा महसूस हो रहा था। मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाया। उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ फेरते हुए आशीर्वाद दिया और कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, बड़े सपने देखें और जीवन में आगे बढ़कर अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आप सब बच्चों की मुस्कान मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। उनके इन स्नेहपूर्ण शब्दों ने बच्चों के मन को छू लिया। बच्चों की आँखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान इस बात की गवाही दे रही थी कि यह पल उनके लिए कितना खास बन गया है। मुख्यमंत्री के रूप में स्नेही अभिभावक को अपने बीच पाकर बच्चों ने जिस खुशी और अपनत्व का अनुभव किया, वह लंबे समय तक उनकी स्मृतियों में रहेगा। 

    उल्लेखनीय है कि बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुँचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए गर्व और प्रेरणा का विशेष क्षण बन गया।इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा आश्रम के शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित थे।

  • माँ का आशीर्वाद और अपार जनस्नेह : बगिया में आत्मीयता के साथ मना मुख्यमंत्री का जन्मदिन

    माँ का आशीर्वाद और अपार जनस्नेह : बगिया में आत्मीयता के साथ मना मुख्यमंत्री का जन्मदिन

    *मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में धूमधाम, उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया*

    *राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा श्रवण कार्यक्रम का किया गया आयोजन*

    *बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का लगा रहा तांता, मुख्यमंत्री ने सभी का किया आभार व्यक्त*

    रायपुर /मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वाँ जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में अत्यंत उत्साह, आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने गृहग्राम बगिया स्थित अपने घर पहुंचते ही सबसे पहले अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री साय के जन्मदिवस पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा।जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर सभी के स्नेह, शुभकामनाओं और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनस्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने अपने जन्मदिवस को विशेष और यादगार बनाने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस विशेष अवसर पर बगिया स्थित श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा श्रवण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी माताजी श्रीमती जसमनी देवी, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ व्रत कथा का श्रवण किया तथा ईश्वर से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। 

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन से पूर्व ही उनके गृहग्राम बगिया स्थित गृहनिवास में उनसे मिलने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों में मुख्यमंत्री से भेंट करने और उन्हें शुभकामनाएं देने को लेकर विशेष उत्साह और उत्सुकता देखने को मिली।

    *क्रिकेट में जिले का नाम रोशन कर चुकी छात्राओं को मुख्यमंत्री ने प्रदान की क्रिकेट किट*

    क्रिकेट की दुनिया में जिले का नाम रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की प्रतिभाशाली छात्राओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रोत्साहित करते हुए 15 क्रिकेट किट प्रदान किया। छात्रावास की इन छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले को गौरवान्वित किया है।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप इसी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहें तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रोशन करें।

    *पारंपरिक परिधान में आए पहाड़ी कोरवा समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को दी जन्मदिवस की बधाई*

    बगीचा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पहाड़ी कोरवा समाज के सदस्य अपने पारम्परिक वेशभूषा एवं तीर-धनुष के साथ उपस्थित हुए, जिससे उनकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की झलक दिखाई दी।मुख्यमंत्री श्री साय ने उनसे आत्मीय संवाद करते हुए उनके क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। इस पर पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में उनके क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य संचालित हो रहे हैं तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से उनके गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस योजना से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है और उनके क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय एवं श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार राय सहित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्यगण, पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के प्रतिनिधिगण,  जनप्रतिनिधि, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह तथा अन्य अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

  • यूपी बजट सत्र खत्म, ‘लखनऊ दर्शन’ बस में फिर शामिल हुई विधानसभा की सैर

    यूपी बजट सत्र खत्म, ‘लखनऊ दर्शन’ बस में फिर शामिल हुई विधानसभा की सैर

    *उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की पहल, इलेक्ट्रिक डबल डेकर से राजधानी के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण*

    *लखनऊ, / उत्तर प्रदेश का बजट सत्र समाप्त होते ही राजधानी के पर्यटन प्रेमियों के लिए एक खुशखबरी है। अब ‘लखनऊ दर्शन’ बस सेवा के जरिए पर्यटक एक बार फिर से भव्य और ऐतिहासिक उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन का भ्रमण कर सकेंगे। बजट सत्र के दौरान सुरक्षा कारणों से विधानसभा भ्रमण अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, लेकिन अब लोकतंत्र का यह दरबार आम लोगों के स्वागत के लिए फिर से तैयार है। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि, भव्य स्थापत्य, विशाल गुंबद और ऐतिहासिक महत्व से भरपूर विधानसभा भवन राजधानी की पहचान है। इसके दोबारा टूर में शामिल होने से ‘लखनऊ दर्शन’ और भी आकर्षक हो गया है। 

    *रिंग थियेटर (जीपीओ): जहां काकोरी मुकदमे की याद आज भी रोंगटे खड़े कर देती है*

    लखनऊ दर्शन बस के प्रमुख स्थलों में एक जीपीओ भी है। जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। 9 अगस्त 1925 को काकोरी में सरकारी खजाना लूट की घटना के बाद अंग्रेज सरकार ने इसे बगावत मानते हुए करीब 40 क्रांतिकारियों को गिरफ्तार किया। सुरक्षा कारणों से लखनऊ के तत्कालीन रिंग थियेटर (आज का जनरल पोस्ट ऑफिस लखनऊ) में विशेष अदालत बनाई गई, जहां लगभग 10 महीने तक मुकदमा चला। अदालत ने राम प्रसाद बिस्मिल, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खान को फांसी, जबकि शचीन्द्रनाथ सान्याल को कालापानी और मन्मथनाथ गुप्त सहित अन्य को कठोर कारावास की सजा सुनाई। आज भी यहां पुरानी निशानियां म्यूजियम में हैं जो पर्यटकों को दिखाई जाती हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने  जानकारी देते हुए बताया,“बजट सत्र की समाप्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण दोबारा शुरू किया जा रहा है। ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा के जरिए पर्यटक अब राजधानी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक विरासत को करीब से देख सकेंगे। विधानसभा भवन के पुनः शामिल होने से इस टूर का आकर्षण और बढ़ेगा। हमारी सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को प्रदेश की समृद्ध परंपराओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।”

    *इलेक्ट्रिक डबल डेकर से करें लखनऊ की सैर*

    उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) की ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा प्रतिदिन सुबह और शाम दो पालियों में 1090 चौराहे से संचालित होती है, जो पर्यटकों को राजधानी के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक स्थलों का भ्रमण कराती है। विधानसभा भवन दोबारा शामिल होने से टूर का आकर्षण और बढ़ गया है। टिकट आधिकारिक वेबसाइट या प्रस्थान स्थल से ली जा सकती है। किराया वयस्कों के लिए ₹500 और बच्चों के लिए ₹400 निर्धारित है। बस में प्रशिक्षित टूर गाइड जानकारी देते हैं और इलेक्ट्रिक बस होने से सफर पर्यावरण के अनुकूल व आरामदायक रहता है।

  • युवाओं को विरासत से जोड़ने की अनूठी पहल, लखनऊ में ‘यूथ हेरिटेज लीडरशिप प्रोग्राम’ का हुआ आयोजन

    युवाओं को विरासत से जोड़ने की अनूठी पहल, लखनऊ में ‘यूथ हेरिटेज लीडरशिप प्रोग्राम’ का हुआ आयोजन

    *छतर मंजिल से जरनैल कोठी तक, छात्रों ने जाना लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहरों का महत्व*

    *लखनऊ, / उत्तर प्रदेश में भारतीय विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक दिवसीय “यूथ हेरिटेज लीडरशिप प्रोग्राम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय (संस्कृति विभाग) द्वारा आयोजित किया गया। भारतीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण व प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से चल रहे कार्यक्रमों की इसी श्रृंखला में यह पहल की गई। कार्यक्रम का आयोजन इतिहास संस्थान, नई दिल्ली के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के महत्व से परिचित कराना और उन्हें विरासत संरक्षण के लिए नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना था। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने राजधानी लखनऊ की छतर मंजिल और जनरल कोठी, कैसरबाग का भ्रमण किया। इस दौरान इन स्थलों के इतिहास, स्थापत्य शैली और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी सरल और स्पष्ट भाषा में दी गई, ताकि छात्र इन धरोहरों को बेहतर तरीके से समझ सकें।

    इस दौरान निदेशक सुश्री रेनू द्विवेदी ने विद्यार्थियों को विरासत की परिभाषा, स्वरूप, प्रकृति और उसकी पहचान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने संवाद के माध्यम से समझाया कि सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी विरासत के प्रति जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।

    इस कार्यक्रम पर अपने विचार प्रकट करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि “इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल ऐतिहासिक इमारतों का भ्रमण कराना नहीं है, बल्कि युवाओं को अपनी विरासत से भावनात्मक रूप से जोड़ना है। ताकि वे इन धरोहरों को समझें और उन पर गर्व करें। उन्होंने बताया विरासत केवल अतीत की याद नहीं, बल्कि हमारी पहचान और भविष्य की दिशा भी है। इसलिए युवा पीढ़ी जागरूक और संवेदनशील बनकर सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।”इस मौके पर जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालक विद्यालय और जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय के कक्षा 9वीं और 11वीं के लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में इतिहास संस्थान से सुश्री सुयशा जी सहित पुरातत्व निदेशालय के अधिकारी, शिक्षकगण और विद्यालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

  • युवा पर्यटन अंतर्गत शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार, नवाबगंज, उन्नाव का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण

    युवा पर्यटन अंतर्गत शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार, नवाबगंज, उन्नाव का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण

    *प्रकृति की पाठशाला में युवा कदम, शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार में छात्रों ने पढ़ा जैव-विविधता और संरक्षण का पाठ*

    *नेचर ट्रेल्स से वॉच टॉवर तक, पर्यटन संग पर्यावरण संरक्षण की राह पर बढे विद्यार्थी*

    *ईको-टूरिज्म से सशक्त हो रही पर्यावरण चेतना, भावी पीढ़ी बनेगी प्रकृति संरक्षण की अग्रदूत- जयवीर सिंह*

    *लखनऊ/ पर्यटन एवं प्राकृतिक धरोहरों से युवाओं को जोड़कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण का सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड (यूपीईटीडीबी) लगातार सार्थक पहल कर रहा है। इसी क्रम में 21 फरवरी 2026 को ‘युवा पर्यटन’ के अंतर्गत ईज माय ट्रिप के सहयोग से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एसजीपीजीआई, लखनऊ के लगभग 60 विद्यार्थियों को शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार (उन्नाव) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

    उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘इस तरह के भ्रमण कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को जैव विविधता, आर्द्रभूमि संरक्षण और ईको-टूरिज्म के महत्व से अवगत कराना है। साथ ही, छात्रों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि वे कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक प्राकृतिक परिवेश में सीखने का अनुभव प्राप्त कर सकें।’

    *प्रवासी पक्षियों का प्रमुख आश्रय स्थल*
    मंत्री ने बताया कि ‘शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार अंतरराष्ट्रीय महत्व का वेटलैंड है। यह राज्य के 11 रामसर स्थलों में से एक है। शांत एवं हरे-भरे वातावरण में स्थित यह पक्षी विहार पक्षी प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षक स्थल है। सर्दियों के मौसम में यह विभिन्न प्रजातियों के प्रवासी पक्षियों का प्रमुख आश्रय स्थल बन जाता है।’

    *नेचर ट्रेल्स भ्रमण..वॉच टॉवर और व्यू-शेड्स से अवलोकन* 
    शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने झील के किनारे विकसित नेचर ट्रेल्स पर भ्रमण किया तथा वॉच टॉवर और व्यू-शेड्स से पक्षियों एवं वन्यजीवों का अवलोकन किया। यह अनुभव न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित हुई।

    *प्रकृति से जुड़ने का अनूठा अनुभव*
    पक्षी विहार परिसर में प्रकृति, ज्ञान और मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां इंटरप्रिटेशन सेंटर ने विद्यार्थियों को जैव-विविधता की रोचक जानकारी से अवगत कराया। वहीं, कैफेटेरिया ने भ्रमण को नया आयाम दिया। इस दौरान बच्चों के उत्साह और खिलखिलाहट से पार्क गूंज उठा। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रकृति से जुड़ने का अनूठा अनुभव प्राप्त किया।

    *भावी पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने का प्रयास- मंत्री* 
    पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘उत्तर प्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड का प्रयास है कि आने वाली पीढ़ी को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाए। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में जागरूकता, जिम्मेदारी एवं सतत पर्यटन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल एक यादगार अनुभव रहा, बल्कि प्रकृति से सीखने और उससे जुड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बना।

  • उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का प्रतिनिधित्व करते हुए किया क्रोएशिया प्रधानमंत्री का स्वागत

    उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का प्रतिनिधित्व करते हुए किया क्रोएशिया प्रधानमंत्री का स्वागत

    उच्च शिक्षा मंत्री ताजमहल व आगरा किला भ्रमण में क्रोएशिया प्रधानमंत्री के साथ रहें 

    मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने क्रोएशिया प्रधानमंत्री को  प्रदेश की विरासत और पर्यटन क्षमता से कराया परिचय

    आगरा/लखनऊ, / प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने क्रोएशिया गणराज्य के प्रधानमंत्री एंड्रेज प्लेनकोविक के आगरा आगमन पर उनका स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।

    प्रधानमंत्री क्रोएशिया के आगमन पर  उच्च शिक्षा मंत्री ने मुख्य सचिव एस.पी. गोयल के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल का भ्रमण किया और इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्थापत्य कला तथा वैश्विक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उच्च शिक्षा मंत्री,  प्रधानमंत्री क्रोएशिया के साथ आगरा किला भी पहुंचे। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक विविधता पर चर्चा करते हुए प्रदेश में बढ़ते वैश्विक आकर्षण को रेखांकित किया। मंत्री उपाध्याय ने आगरा और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, विरासत संरक्षण और पर्यटन विकास की योजनाओं की भी जानकारी दी। भ्रमण कार्यक्रम के उपरांत उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री क्रोएशिया को औपचारिक विदाई दी गई।

  • किसानों के लिए AI-आधारित कीट निगरानी प्रणाली लॉन्चः यह पैदावार और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देगी

    किसानों के लिए AI-आधारित कीट निगरानी प्रणाली लॉन्चः यह पैदावार और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देगी

    चंदौली/ जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार ने कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने उन्नत ए.आई. प्रौद्योगिकी के माध्यम से एकीकृत कीट प्रबंधन को वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रदान करने हेतु ए.आई.-आधारित राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (एनपीएसएस) लॉन्च की है। यह प्रणाली कीटों और रोगों की पहचान तथा उनके प्रबंधन में सहायक होगी।

    यह ऐप किसानों, वैज्ञानिकों और प्रसार कार्यकर्ताओं के लिए तैयार किया गया है। उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने भी इस ऐप के प्रयोग की अनुशंसा की है। जनपद के सभी किसानों से अपील की गई है कि वे इस ए.आई.-आधारित राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (एनपीएसएस) का अधिक से अधिक उपयोग करें। राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (एनपीएसएस) एक ए.आई.-आधारित मंच है। यह किसानों को कीट नियंत्रण और प्रबंधन के लिए कृषि वैज्ञानिकों तथा विशेषज्ञों से जोड़कर सहायता प्रदान करता है। यह ऐप प्रौद्योगिकी का उपयोग कर कीट प्रबंधन की सटीकता और प्रभावशीलता को बढ़ाता है।

    किसान इस एनपीएसएस प्लेटफॉर्म का उपयोग करके कीटों या रोगों से प्रभावित फसलों की तस्वीरें ले सकते हैं। इन तस्वीरों को सीधे ऐप पर या फोन की गैलरी से अपलोड किया जा सकता है। ऐप ए.आई. उपकरणों का उपयोग करके इन तस्वीरों का विश्लेषण करता है और संभावित कीट नियंत्रण के लिए उपयोगी जानकारी तथा सुझाव प्रदान करता है। यह ऐप किसानों को कई तरह से लाभ पहुंचाता है। यह सही और सटीक निदान प्रदान करता है, जिससे कुशल कीट प्रबंधन की जानकारी मिलती है। इसके उपयोग से किसानों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है और कीटनाशकों पर निर्भरता कम होती है। साथ ही, यह किसानों और कृषि विशेषज्ञों के बीच सीधा संवाद भी सुगम बनाता है। कृषि के क्षेत्र में इस प्रणाली की असीम संभावनाएं हैं। यह किसानों के बीच अत्याधुनिक कीट प्रबंधन तकनीकों का प्रसार करेगी। इसके अतिरिक्त, यह पैदावार बढ़ाने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

  • चन्दौली : वृहद रोजगार मेले में 779 को मिला रोजगार

    चन्दौली : वृहद रोजगार मेले में 779 को मिला रोजगार

      चन्दौली ।  उ०प्र० रोजगार मिशन के अन्तर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, चन्दौली के द्वारा राजकीय आई०टी०आई०, रेवसा, चन्दौली में दिनांक 21 फरवरी 2026 को वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेला में हिण्डाल्को, पेरीग्रीन (सेक्योरिटी), एम०आर०एफ० टायर्स, अशोक लीलैंड, स्नाइडर, इनोव सोर्स सर्विसेज प्रा०लि०, एलीट फूड्स प्रा०लि०, महादेव हनुमन्त विजय, जय हिंद, सुब्रोस, ग्लोबल आटोटेक लिमिटेड, डी सेट्स, फैम इण्डिया प्रा०लि०, एडिको, ओवर ड्राइव इलेक्ट्रानिक्स, लावा इन्टरनेशनल, यूफ्लेक्स लि०, इन्कोफिक्स, टाटा मोटर्स, नवभारत फर्टिलाइजर, डिक्सन, सहित लगभग 36 कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। मेले में लगभग 2000 अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया जिसमें से 779 अभ्यर्थियों को विभिन्न कम्पनियों द्वारा जॉब आफर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह द्वारा फीता काटकर मेले का शुभारम्भ किया गया। जिनके द्वारा इस मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों का विशेष रूप से छात्राओं को आगे आकर रोजगार से जुड़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया, जिससे वे अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए प्रदेश एवं देश के विकास में योगदान कर सके। मेले में शिवमंगल बियार सदस्य उ०प्र० पिछड़ा वर्ग आयोग, राघव सिंह सांसद प्रतिनिधि, संतोष गुप्ता (भाजपा), सुरेश गुप्ता जिला कार्यालय प्रभारी (भाजपा), अमन, विनय, अशोक गुप्ता जी की भी उपस्थिति रही। मेले में आये हुए अभ्यर्थियों से वार्ता कर जिला सेवायोजन अधिकारी गिरीजेश कुमार गुप्ता द्वारा तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के सम्बन्ध में मार्गदर्शन दिया गया तथा उन्हें अपनी योग्यता अनुसार विभिन्न प्रतिभागी कम्पनियों में साक्षात्कार देने सम्बन्धी मार्गदर्शन दिया गया।  इस मौके पर रविशेखर आनन्द, उपनिदेशक (सेवायोजन), राजकीय आई०टी०आई० रेवसा के प्रधानाचार्य ई० अजय कुमार, गौरव सिंह उपप्रमुख यू०ई०बी० बी०एच०यू०, गिरीजेश कुमार गुप्ता जिला सेवायोजन अधिकारी, विवेकानन्द सिंह जिला सेवायोजन अधिकारी गाजीपुर, आनन्द कुमार श्रीवास्तव कार्यदेशक, आदि लोग उपस्थित रहकर मेले के सफल संचालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

  • वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का 22 फरवरी को होगा आयोजन 

    वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का 22 फरवरी को होगा आयोजन 

    चन्दौली। उ० प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्दौली एवं पं० कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सकलडीहा रोड चन्दौली के संयुक्त तत्वावधान में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर दिनांक 22 फरवरी 2026 को पं. कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजन किया जायेगा।  सिविल जज (सी.डी.) पूर्णकालिन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली डा० इन्दु रानी ने अवगत कराया कि जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी की मार्गदर्शन में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। 

    कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निर्धन वर्ग, दिव्यांगजनों, बच्चों, स्त्रियों, श्रमिकों अनुसूचित जाति व जनजाति आदि लाभार्थियों के लिये सरकार के विभिन्न विभाग द्वारा प्रचलित जनकल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन हेतु कार्यक्रम किया जाएगा। 

    आगामी मेगा शिविर में, विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। ये विभाग जनहित से संबंधित पेंशन, श्रम, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक कल्याण सहित अनेक योजनाओं की जानकारी और ऑन-द-स्पॉट सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।

    अधिक से अधिक जनसामान्य की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद नागरिक इस शिविर का अधिकतम लाभ उठा सकें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले इस मेगा शिविर में पहुँचकर निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनें।