Blog

  • एनडीआरएफ के बचाव कार्मिकों ने सीखी मानसिक दृढ़ता की महत्वपूर्ण सीख

    एनडीआरएफ के बचाव कार्मिकों ने सीखी मानसिक दृढ़ता की महत्वपूर्ण सीख

    पीडीडीयू नगर। वर्षभर आपातकालीन परिस्थितियों की भयावहता हो या त्योहारों का उल्लास, मानसून की तेज़ बौछारें हों या शीत ऋतु की कठोरता—एनडीआरएफ के बचावकर्मी अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की परवाह किए बिना हर परिस्थिति में मानव जीवन की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहते हैं। बचाव कार्मिकों की अत्यंत कठिन एवं चुनौतीपूर्ण कार्यप्रणाली को ध्यान में रखते हुए आज वाहिनी मुख्यालय में उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशन में मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य बचाव कार्मिकों की पेशेवर दक्षता को सुदृढ़ करना, व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना, बेहतर तनाव प्रबंधन के उपायों से अवगत कराना तथा उनके मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाना था।कार्यक्रम में प्रख्यात मनोवैज्ञानिक एवं मानवर्धन सोशल मीडिया फाउंडेशन की निदेशक डॉ. संहिता चौधरी ने बचाव कार्मिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने उनकी समस्याओं और अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की तथा कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए मानसिक दृढ़ता, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के प्रभावी उपाय साझा किए। यह कार्यक्रम बचाव कार्मिकों के समग्र विकास और मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

  • आधुनिकता की दौड़ में विलुप्त होती जा रही पारम्परिक होली गायन की परम्परा…….

    आधुनिकता की दौड़ में विलुप्त होती जा रही पारम्परिक होली गायन की परम्परा…….

    सोनभद्र। आधुनिकता ने त्यौहारों की पुरानी परम्परा को काफी पीछे छोड़ दिया है मानो होली एक दिन का औपचारिकता पूरी करने वाला त्योहार बनकर रह गया है। पहले बसंत पंचमी से ही ढोल मंजीरा एवं मानर बजना शुरू हो जाया करता था। बड़ी संख्या में लोग फाग गीत गाने जुटा करते थे। चारों ओर फाग गवैयों का मस्ती भरा शोर पारंपरिक लोकगीत के माध्यम से त्योहार के उत्साह को दोगुना कर देता था। अब समय के साथ फाग गीतों की परंपरा ही विलुप्त होती जा रही है।
    होली आपसी भाईचारे वाला त्यौहार हुआ करता था, वर्तमान समय मे हुड़दंग अश्लीलता और नशे ने अपनी जगह बना ली है। लोक परंपरा और त्योहारों को संजोने का उत्तरदायित्व हम सभी का है। भविष्य में होली जैसे त्योहार इतिहास बनकर रह जाएंगे। खोती फाग की फनकार और मानर एवं नगाड़े की थाप को लेकर हमने बीआरडी राजकीय पीजी कॉलेज दुद्धी के प्राचार्य   समाजशास्त्र  विभागाध्यक्ष डॉ रामसेवक सिंह यादव से इस विषय पर बातचीत की तो उन्होंने विलुप्त होती होली गायन की परम्परा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए बताया कि बसंत पंचमी से शुरू होता था फाग गायन-  पहले बसंत पंचमी के दिन से ही फाग गायन का दौर शुरू हो जाता था। आसपास के लोग एक जगह बैठ फाग गीत  गाया करते थे। इससे आपसी भाईचारा मजबूत होता था। टोलिया बना कर जगह-जगह मानर और नगाड़े की थाप पर होली गीत गाते लोग दिख जाया करते थे। आज के बदलते दौर में अब वो दृश्य कहीं देखने को नही मिलता।

    अब लोग पारम्परिक फाग गीत नहीं गाते

    लोग अपनी परंपरा को भुलाते जा रहे है। होली को महज गिनती के दिन ही बचे हुए है, लेकिन बिल्कुल भी नहीं लग रहा कि होली का त्योहार नजदीक है। उन्होंने कहा कि लोक त्योहार और गीतों को खत्म होने से बचाने के लिए सरकार को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए। अगर बात करे फाग गीतों की तो इसकी प्रतियोगता करवा बढ़वा दिया जा सकता है.
    लुप्त हो रही प्राचीन परंपराएं –
    बीआरडी राजकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य  समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ.रामसेवक सिंह यादव का कहना है कि प्राचीन परंपरा विलुप्त होती जा रही है।इसका मुख्य कारण तेजी से बदलता सामाजिक परिवेश एवं लोगों की हाईटेक होती रहन -सहन है हालांकि ग्रामीण इलाकों में होली गीत गायन का बहुत ज्यादा महत्व हुआ करता था, लेकिन वहां भी अब डीजे और फिल्मी गानों ने अपनी जगह बना ली है जो चिंतनीय है।

  • ट्रेलर के धक्के से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल जिला अस्पताल रेफर, मौत

    ट्रेलर के धक्के से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल जिला अस्पताल रेफर, मौत

    बभनी(सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनी-अम्बिकापुर मार्ग पर वृहस्पतिवार को सुबह नवाटोला मोड़ के पास ट्रैलर ने टीवीएस मोपेड पर सवार व्यक्ति को धक्का मार दिया। धक्के से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनाथ 45 पुत्र मोहरशाय निवासी नवाटोला पोखरा की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक के भतीजे बलवंत ने बताया कि यह सोलर पंप लगवाने के लिए मिस्त्री लेने आसनडीह जा रहे थे। वह जैसे ही कट रोड से मेन रोड पर आये अंबिकापुर की तरफ से आ रहे ट्रेलर से धक्का लग गया। वह वहीं गिर गये और छटपटाने लगे। इतने में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना तत्काल 112 और बभनी पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रामनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया।हालत गंभीर होने की दशा में उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मौत की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि ट्रैलर को पकड़ लिया गया है और आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है।

  • सीएमपीडीआई, रांची एवं डब्ल्यूवीएस होप, रांची के बीच एक एमओए पर हस्ताक्षर

    सीएमपीडीआई, रांची एवं डब्ल्यूवीएस होप, रांची के बीच एक एमओए पर हस्ताक्षर

    रांची। सीएमपीडीआई ने अपनी सीएसआर परियोजना ‘‘करूणा’’ के अंतर्गत समर्पित ‘‘पशु बचाव एम्बुलेंस’’ उपलब्ध करवाने हेतु डब्ल्यूवीएस होप, रांची के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किया। इस पहल का उद्देश्य रांची नगर निगम क्षेत्र में पशु जन्म नियंत्रण और बेसहारा कुत्तों के रेबीज रोधी टीकाकरण के माध्यम से जन स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है। इस समझौता ज्ञापन पर सीएमपीडीआई के महाप्रबंधक (एचआरडी/सीएसआर) डाॅ0 शिशिर दत्ता और डब्ल्यूवीएस होप की कोषाध्यक्ष सुश्री शालिनी सिन्हा ने हस्ताक्षर किए। पशु बचाव समर्पित एम्बुलेंस, रांची स्थित डब्ल्यूवीएस होप को स्थानीय जनता, सीएमपीडीआई-रांची, नगर निगम और अन्य एजेंसियों की तरफ से आने वाली काॅलों पर नसबंदी और रेबीज रोधी टीकाकरण के लिए तुरंत प्रतिक्रिया देने में सक्षम बनाएगी। यह एकीकृत दृष्टिकोण बेसहारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के साथ-साथ रेबीज के प्रकोप को रोकने में भी सहायक होगा जिससे रांची में जन स्वास्थ्य को मजबूती मिलेगी। यह पहल सीएमपीडीआई की जन स्वास्थ्य और सामुदायिक कल्याण की रक्षा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, साथ ही साथ बेसहारा पशुओं के दयालु, वैज्ञानिक और मानवीय प्रबंधन को बढ़ावा देती है, जो उसकी जिम्मेदार और जन-केंद्रित सीएसआर का एक हिस्सा है। 

  • राज्यपाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ की बैठक

    राज्यपाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ की बैठक

    सोनभद्र। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक  कीं ।  बैठक के दौरान राज्यपाल ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त किया ।
    राज्यपाल ने कहा कि जनपद के दुरूह क्षेत्रों ग्रामीण अंचलों में जाकर महिलाओं को इस बात के लिए प्रोत्साहित किया जाये कि होम डिलीवरी न करायें, होम डिलीवरी कराने से जच्चा, बच्चा के जान का खतरा बना रहता है। ग्रामीण अनपढ़ व्यक्तियों को इसके लिए विशेष रूप से जागरूक किया जाये, मेडिकल कालेज में पढ़ रहे छात्राओं द्वारा भी गांव में जाकर लोगों को इसके लिए जागरूक किया जाये कि, गांव में डिलीवरी न करायें और महिलाओं का समय पर टीकाकरण कराया जाये । इस दौरान राज्यपाल ने जनपद में टी0बी0 मुक्त ग्रामों की संख्या के सम्बन्ध में भी जानकारी ली। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद सोनभद्र में 250 ग्राम पंचायतों को अब तक टी0बी0 मुक्त बनाया गया है, शेष अन्य ग्रामों को भी टी0बी0 मुक्त बनाने हेतु कार्य किया जा रहा है।

       कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को टी0बी0 मुक्त बनाने के लिए संकल्प लिया है, उस संकल्प को पूरा करने हेतु टी0बी0 रोगियों को बेहतर देखभाल के साथ ही पोषाहार नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए, जिससे कि टी0बी0 से ग्रसित मरीज जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकें। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा जनपद में किये जा रहे कार्यों के सम्बन्ध में जानकारी ली, कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गरम भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराये जाये और आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मूलभूत सुविधा उपलब्ध रहें, 3 साल से अधिक उम्र के बच्चों का पूरे जनपद में सर्वे कराया जाये और उन बच्चों का प्रवेश आंगनबाड़ी केन्द्रों में कराया जाये और छः वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों का सर्वे कराकर उनका प्रवेश प्राथमिक विद्यालयों में कराया जाये, इस कार्य में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों के माध्यम से कार्य सुनिश्चित कराया जाये,स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी राशन की दुकानें आवंटित की जाये, ग्रीन आर्मी की महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाये और अच्छे कार्य करने पर उन्हें भी राशन की दुकान आवंटन किया जाये। इस दौरान राज्यपाल ने आकांक्षी जनपद सोनभद्र के विकास के सम्बन्ध में भी जानकारी ली, जिसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद सोनभद्र देश के आकांक्षी 112 जनपदों में से विकास के मामले में तीसरे स्थान पर है। 

    इस मौके पर राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गौंड़, विधायक सदर , विधायक घोरावल डॉ0 अनिल कुमार मौर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रेस क्लब प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रेस क्लब प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात

    *रंगोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किया आमंत्रित*

    रायपुर /मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने आज सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में प्रेस क्लब अध्यक्ष  मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू सहित पत्रकार सौरभ सिंह परिहार शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित किए जाने वाले रंगोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को औपचारिक आमंत्रण दिया। साथ ही पत्रकार हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए सकारात्मक पहल की अपेक्षा व्यक्त की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा सभी विषयों पर समुचित पहल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास  तथा मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

  • परियोजना स्वीकृति, प्रतिपूर्ति दावे एवं परियोजना पूर्णता प्रमाणपत्र समयबद्ध तरीके से नाबार्ड को भेजे जाएं – मुख्य सचिव

    परियोजना स्वीकृति, प्रतिपूर्ति दावे एवं परियोजना पूर्णता प्रमाणपत्र समयबद्ध तरीके से नाबार्ड को भेजे जाएं – मुख्य सचिव

    मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आरआईडीएफ से वित्त पोषित परियोजनाओं से संबंधित वित्तीय वर्ष 2025-26 की हाई पावर कमेटी की चतुर्थ समीक्षा बैठक सम्पन्न
    लखनऊः
     मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में नाबार्ड के ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि (आरआईडीएफ) से वित्त पोषित परियोजनाओं से संबंधित वित्तीय वर्ष 2025-26 की हाई पावर कमेटी की चतुर्थ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
    मुख्य सचिव ने बैठक में तृतीय समीक्षा बैठक के बाद हुई प्रगति का ब्योरा लिया और विभागों को नाबार्ड को प्रतिपूर्ति दावे शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाबार्ड और कार्यदायी विभागों के बीच आपसी तालमेल बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि परियोजना स्वीकृति, प्रतिपूर्ति दावे एवं परियोजना पूर्णता प्रमाणपत्र (PCR) समयबद्ध तरीके से नाबार्ड को भेजे जाएं।
    उन्होंने Project Yet to be Grounded (PYG) तथा Slow Moving Projects (SMP) की समीक्षा कर उनका ब्योरा नाबार्ड को भेजने के निर्देश दिए। अंत में उन्होंने सभी विभागों एवं नाबार्ड को संयुक्त रूप से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में यह भी निर्धारित किया गया कि कार्यदायी विभाग अपनी परियोजनाओं की Quarterly Progress Report (QPR) नाबार्ड को प्रेषित करेंगे, जिससे परियोजनाओं की वास्तविक समय पर निगरानी सुनिश्चित हो सके।
    अंत में, मुख्य सचिव ने सभी विभागों एवं नाबार्ड को आपसी तालमेल बढ़ाकर विभिन्न कार्यबिंदुओं पर संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व, मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड पंकज कुमार ने बताया कि वर्तमान में प्राथमिकता संवितरण पर केंद्रित है, जिससे कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष में 3000 करोड़ रुपये का ऋण संवितरण राज्य सरकार को स्वीकतृ परियोजनाओ के सापेक्ष किया जा सकें। उनके द्वारा बताया गया कि विभिन्न कार्यदायी विभागो को वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 1751 करोड़ रुपये संवितरित किए जा चुके है। बैठक में प्रमुख सचिव पशुपालन मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान, सचिव वित्त सुश्री संदीप कौर सहित विभिन्न कार्यदायी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नाबार्ड, उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से मुख्य महाप्रबंधक पंकज कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ बैठक में भाग लिया।

  • राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राजकीय बाल गृह बालिका रामनगर का किया निरीक्षण 

    राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राजकीय बाल गृह बालिका रामनगर का किया निरीक्षण 

    निराश्रित बालिकाओं से संवाद कर उन्हें प्रेरित किया

    वाराणसी। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गुरुवार महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बाल गृह बालिका रामनगर का निरीक्षण कर वहां की बालिकाओं के साथ संवाद किया। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के कुलपति आनंद त्यागी, रजिस्ट्रार डॉक्टर सुनीता पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार सिंह उपस्थित थे।

          इस अवसर पर बालिकाओं के साथ संवाद करते हुए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उनके द्वारा साझा किए गए सफलता की कहानी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रतीत हो रहा है कि महिला कल्याण विभाग बालिकाओं के विकास के लिए अच्छा कार्य कर रही है। संस्था में निवासरत बालिकाओं को रोजगार परक प्रशिक्षण देने हेतु जिलाधिकारी तथा कुलपति काशी विद्यापीठ को निर्देश दिया गया। उन्होंने संस्था की विजिटिंग डॉक्टर से बालिकाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। 2 गर्भवती बालिकाओं तथा 4 बच्चों वाली बालिकाओं को अतिरिक्त आहार तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, उनका हीमोग्लोबिन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं के साथ संवाद में कंप्यूटर तथा एआई का उपयोग करने के बारे में चर्चा की तथा बालिकाओं के अध्ययन कक्ष, भंडार कक्ष, रसोई कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

           राज्यपाल के आगमन पर संस्था की बालिकाओं द्वारा तबला वादन के साथ स्वागत किया गया, उसके पश्चात भजन “नगरी हो आयोध्या सी रगहुकुल सा घराना हो” हारमोनियम के साथ सुनाया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा द्वारा अपने स्वागत भाषण में संस्था के बारे में तथा बाल गृह बालिका में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उसके पश्चात संस्था से रोजगार के माध्यम से पुनर्वासित 5 बालिकाओं ने अपने अनुभव प्रस्तुत किया। जिनमें से 2 उत्कर्ष बैंक हरहुआ में कार्यरत हैं तथा 4 जीडी गोयनका हेल्थ इंस्टीट्यूट में ट्रेनिंग के साथ ही अपनी स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं।

           बताते चलें कि राजकीय बाल गृह बालिका, एक आवासीय संस्था है जो महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित है। जिसमें 11 से 18 वर्ष की आयु की बालिकाओं को आश्रय प्रदान किया जाता है, जो अनाथ, POCSO एक्ट के तहत पीड़ित, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह, बाल मिसिंग, गृह से पलायित जो किसी कारणवश घर छोड़ देती हैं, जैसे प्रकरणों से प्रभावित होती हैं।

           

  • साइबर फ्रॉड के 39 हजार रुपये पुलिस ने पीड़ितों को दिलाए वापस

    साइबर फ्रॉड के 39 हजार रुपये पुलिस ने पीड़ितों को दिलाए वापस

    दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 39 हजार रुपये पीड़ितों के खाते में वापस कराए हैं।कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रामलखन पुत्र रामदेव निवासी टेढ़ा, थाना दुद्धी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल कर डराकर ₹21,000 रुपये ठग लिए गए थे। वहीं अजय कुमार पुत्र महावीर प्रसाद निवासी दुद्धी से MPOCKET लोन ऐप के नाम पर QR कोड के जरिए ₹1,799 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। दोनों मामलों में NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में दुद्धी कोतवाली पुलिस व साइबर टीम ने तुरंत कार्रवाई की। आवश्यक साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंकों से संपर्क किया गया और न्यायालय के आदेश पर होल्ड कराई गई धनराशि पीड़ितों के मूल खातों में वापस करा दी गई।राशि वापस मिलने पर दोनों आवेदकों ने पुलिस टीम का आभार जताया और सराहना की।

  • किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों के बारे में किया गया जागरूक 

    किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों के बारे में किया गया जागरूक 

    प्रगतिशील किसान किये गये सम्मानित 

      चन्दौली । कृषि विज्ञान केन्द्र चन्दौली परिसर में मिलेट्स रेसिपी विकारा उपभोक्ता जागरूकता/राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजनान्तर्गत न्यट्री सीरियल्स पटक अन्तर्गत जनपद स्तरीय किसान मेला एवं आत्मा कृषक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा द्वारा प्रागण में लगे सभी स्टालों का अवलोकन किया गया एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।

    डा० अभयदीप गौतम, वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र, चन्दौली द्वारा मिलेट्स की फसलों की उत्पादन तकनीकी एवं उसके लाभ के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी तथा बताया गया कि खेती केवल जीविकोपार्जन का साधन नहीं रह गया है। डा० विशाल दीक्षित, द्वारा मानव जीवन में हो रही विभिन्न बीमारियों से बचने हेतु श्री अन्न से जुड़े फसले ज्वार, बाजरा, सावां, कोदों, कुटकी आदि के औषधीय गुणों के बारे में जानकारी दी गयी। श्री रमेश सिंह, अध्यक्ष शिवनन्दम् फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी, धानापुर ने जायद मक्का के उत्त्पादन एवं तिलहनी फसलों की खेती के विषय में विस्तृत जानकारी दी तथा कृषकों की आमदनी बढ़ाने हेतु कृषि में विविधीकरण अपनाने पर जोर दिया। श्री गनासिंह कुशवाहा, अवर अभियन्ता द्वारा खेती में कृषि यंत्रीकरण एवं जायद फसलों के लिये हो रही सिंचाई के असुविधा में सोलर सिंचाई पम्प लगाने हेतु प्रोत्साहित किया।

    उक्त कार्यक्रम में मिलेट्स से सम्बन्धित रेसिपी का बी०डी० फीड्स, होटल रमाडा, अशोक इन्टर कालेज, बबुरी, बाल एवं पुष्टाहार विभाग, विश्वामित्र ग्रामोद्योग, कानपुर द्वारा स्टाल लगाकर प्रदर्शित किया गया। चयन समिति द्वारा स्टालों पर लगे रेसिपी के टेस्ट के आधार पर बी०डी० फीड्स को प्रथम, होटल रमाडा को द्वितीय एवं वि‌ठ्ठलदास, प्रगतिशील कृषक को तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उप कृषि निदेशक द्वारा सभी किसान भाईयों से श्री अन्न की खेती करने की अपील की गयी। साथ ही दलहन एवं तिलहन के खेती के लिए किसान भाईयों को प्रेरित किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, प्रतिनिधि जिला उद्यान अधिकारी, अध्यक्ष कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विभाग के समस्त कर्मचारी व प्रगतिशील कृषक श्री दीनानाथ श्रीवास्तव व अन्य कृषक उपस्थित रहे। अन्त में उप कृषि निदेशक भीमसेन द्वारा मिलेट्स रेसिपी विकास उपभोक्ता जागरूकता / राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजनान्तर्गत न्यट्री सीरियल्स घटक अन्तर्गत जनपद स्तरीय किसान मेला एवं आत्मा कृषक भ्रमण कार्यक्रम में उपस्थित सभी किसानों, विभिन्न विभागों के स्टाल, विभाग के उपस्थित सभी अधिकारियों / कर्मचारियों एवं आत्मा योजना से भ्रमण पर आये कृषकों को धन्यवाद ज्ञापित कर समाप्ति की घोषणा की गयी।