Blog

  • जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गंगा पूजन,भूमि पूजन व धर्म ध्वजारोहण कर किया माघ मेला कल्पवास का शुभारम्भ

    भदोही । काशी-विन्ध्य-प्रयाग के महा संगम स्थल महातीर्थ सेमराधनाथ धाम में कल्पवास के 30वें वर्ष के परम पुनीत अवसर पर श्री कल्पवास मकर माघ मेला का सपरिवार जिलाधिकारी विशाल सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ0 मीनाक्षी कात्यायन ने मॉ गंगा का पूजा अर्चना कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन एवं धर्म ध्वजा पताका स्थापित कर प्रतीकात्मक शुभारम्भ किया।

    सर्वप्रथम जिलाधिकारी विशाल सिंह ने सपत्नीक व पुलिस अधीक्षक डॉ0 मीनाक्षी कात्यायन ने बाबा सेमराधनाथ धाम में भगवान शिव पर जलाभिषेक कर भदोहीवासियों के सर्व कल्याण हेतु कामना किया। तत्पश्चात् नव वर्ष पर दर्शन पूजन करने आए दर्शनार्थियों को नूतन वर्ष की मंगलकामनाएं देते हुए आत्मीय भाव से उनका कुशल क्षेम पूछा। काशी-विन्ध्य-प्रयाग के महासंगम स्थल महातीर्थ सेमराधनाथ धाम में कल्पवास के 30वें वर्ष के परम पुनीत अवसर पर गंगा तट पर मॉ गंगा का निर्मल एवं अविरल सतत् धारा हेतु वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा पूजन अर्चना किया। उन्होने माघ मेला कल्पवास के प्रतीक स्वरूप मॉ गंगा तट पर धर्म ध्वजारोहण कर भारतीय सनातन धर्म एवं आस्था का प्रतीकात्मक शुभारम्भ किया।


    इस अवसर पर दर्शन पूजन उपरान्त जिलाधिकारी विशाल सिंह, पत्नी डॉ दिव्या सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ0 मीनाक्षी कात्यायन ने गुरू मंहत की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होने कहा कि नूतन वर्ष 2025 का आज प्रथम दिवस है, सम्मानित जनता जनार्दन, विद्वतजनों के साथ इस पुनीत कार्यक्रम में सहभागिता कर मैं अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा हूॅ। जनपद के लिए यह गर्व की बात है कि गंगा तट पर विगत 30 वर्षाे से माघ मेलें में कल्पवास का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने श्री कल्पवास मकर माघ मेला की भव्यता को देखकर इसे प्रस्ताव बनाकर प्रान्ति मेला घोषित करने हेतु प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने का आश्वासन दिया। साथ ही धर्मार्थ कार्य विभाग या पर्यटन विभाग द्वारा यहॉ पर गेस्ट हाउस निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। पूरे मन्दिर व मेला क्षेत्र में शौचालय, पेयजल व अस्पताल की उपलब्धता पर जोर दिया।


    उन्होनें कहा कि इस कल्पवास माघ मेलें को सकुशला के साथ सम्पन्न कराने के लिए शासन प्रशासन के साथ लगातार बैठक कर धरातलीय कार्य किया जा रहा है। आगामी 13 जनवरी 2025 से शुरू हो रहे कल्पवास माघ मेलें में श्रद्धालुओं के सुविधा के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मार्ग के लिए चकर्ड प्लेट, बिजली विभाग द्वारा प्रकाश की सुचारू व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, साउण्ड व्यवस्था, जिला पंचायत विभाग के द्वारा मेले परिसर में टेंट, शौचालय, बैरिकेटिग, वन विभाग द्वारा अलाव हेतु लकड़ी की व्यवस्था, शान्ति एवं सुरक्षा हेतु पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस सहित सम्बन्धित सभी विभागो के आपसी समन्वय से तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। उन्होनें तीर्थ स्थल का भ्रमण कर वहॉ की नैसर्गिक वातावरण में लगे कल्पवृक्ष, वंशी वृक्ष, सिंदूर वृक्ष, कमल सरोवर आदि का अवलोकन करते हुए, लोगो को पेड़ पौधों एवं पर्यावरण की महत्वा पर प्रकाश डालते हुए जागरूक किया। चिकित्सा अधीक्षक डीघ के नेतृत्व में डीएम, एसपी ने टीबी मरीजों को पोषण पोटली प्रदान कर उनके सुखद व उत्तम स्वास्थ्य की कामना किया।


    पुलिस अधीक्षक डॉ0 मीनाक्षी कात्यायन ने पूरे कल्पवास मेले क्षेत्र का भ्रमण कर शान्ति व कानून व्यवस्था के दृष्टिगत जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि पर्याप्त पुलिस व्यवस्था में सकुशल मेला सम्पन्न होगा। गंगा नदी के दृष्टिगत जल पुलिस व गोताखोरो की भी तैनाती की गयी है।


    आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ दिव्या सिंह ने कार्यक्रम में व नववर्ष की बेला पर महिलाओं, बालिकाओं को और अधिक स्वांवलम्बी बनाते हुए उनके सशक्तिकरण पर बल दिया तथा वंचितो को सुविधाओं से आच्छादित करने पर जोर दिया।
    इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 तेजवीर सिंह, मेला प्रभारी/उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर अरूण गिरि, पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा, अपर अधिशासी अभियन्ता पी0डब्ल्यू0डी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार, मंहत करूणाशंकर दास, ग्राम प्रधान सेमराध आलोक कुमार सिंह, अध्यक्ष माघ मेला समिति रामबली सिंह, अजित प्रताप सिंह, नरेन्द्र शुक्ला, शेरबहादुर, दिनेश सिंह पूर्व प्रमुख, सहित साधु संत, भक्तगण उपस्थित रहें।

  • जिलाधिकारी ने शीत लहर के दृष्टिगत रैन बसेरे व अलाव का किया स्थलीय निरीक्षण,जरूरतमंद लोगों को वितरित किया कंबल

    भदोही ।  ठंड के मौसम में रात्रि के दौरान विशेषकर बेघर, मजदूर और दूर-दराज के इलाकों से आए यात्रियों के लिए अलाव और रैन बसेरे जीवनरक्षक साबित होते हैं। शासन का यह प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण प्रभावित न हो और जरूरतमंदों को तुरंत राहत मिले।

    शासन के निर्देशों के क्रम में यह सुनिश्चित करने के लिए कि सर्दी के मौसम में कोई भी व्यक्ति ठंड में रात्रि में न रहे, जिलाधिकारी विशाल सिंह ने रात्रि में ज्ञानपुर में अलाव और रैन बसेरे का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अलाव की स्थिति, रैन बसेरे की साफ-सफाई और वहां उपलब्ध सुविधाओं को परखा।

    उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और यह ध्यान रखा जाए कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड में बाहर न रहे।  जिलाधिकारी विशाल सिंह ने जनसामान्य से अपील की कि अगर कोई व्यक्ति ठंड में परेशान हो, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

    निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आगंतुक रजिस्टर, साफ-सफाई व्यवस्था, शौचालय, बिस्तर इत्यादि सुविधाओं को देखा एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निरीक्षण के दौरान कस्बा क्षेत्र में अलाव का भी निरीक्षण किया, कस्बा क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर अलाव जलते हुए पाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जरूरतमंद व असहाय वर्ग के लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड के दृष्टिगत कोई भी व्यक्ति सड़क किनारे या खुले आसमान के नीचे ना सोए, रैन बसेरे का आश्रय ले, वहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।

    इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर अरुण गिरी, तहसीलदार अजय सिंह, अधिशासी अधिकारी राजेन्द्र दुबे, आर के रवि तिवारी, आपदा लिपिक सौरभ श्रीवास्तव, आपदा विशेषज्ञ अंकित कुमार सिंह उपस्थित रहे। 

  • बनारस रेल इंजन कारखाना में स्‍वच्‍छता हेतु मेगा श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन

    बनारस रेल इंजन कारखाना प्रांगण को स्‍वच्‍छ एवं साफ-सफाई रखने के उद्देश्‍य से महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्‍व में एक मेगा श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसके अंतर्गत आज दिनांक 01 जनवरी, 2025 को प्रात: 08:00 बजे बरेका कंचनपुरकॉलोनी स्थित तालाब के प्रांगण की गहन साफ-सफाई की गई ।

    इस अवसर पर महाप्रबंधक एन.पी.सिंह ने सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी तथा कहा कि हम नये वर्ष की
    शुरूआत स्‍वच्‍छता के साथ किये हैं । यह स्‍वच्‍छता का एक लक्षीय शुरूआत है, जिसे हमलोग बनाये रखेंगे । आगे उन्‍होंने कहा कि कंचनपुर कॉलोनी स्थित इस तालाब को सूर्य सरोवर की तरह और ही अच्‍छा करना है । साफ-सफाई से स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी बीमारियां भी दूर रहती है। इस अवसर पर चिकित्‍सा विभाग द्वारा टीबी मुक्‍त भारत अभियान के अंतर्गत जन-
    जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया । ताकि स्‍वस्‍थ वातावरण की दिनचर्या आत्‍मसात कर टीबी के संक्रमण को रोका जा सके ।


    मेगा स्‍वच्‍छता श्रमदान के अवसर पर प्रमुख मुख्‍य विद्युत इंजीनियर एस.के.सिंह, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सुब्रतो नाथ, प्रमुख मुख्‍य इंजीनियर विनोद कुमार शुक्‍ल, प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जनार्दन सिंह, मुख्‍य अभिकल्‍प इंजीनियर-परियोजना अनुराग कुमार गुप्‍ता, मुख्‍य
    यांत्रिक इंजीनियर-सर्विस इंजीनियर नीरज जैन, मुख्य गुणता आश्वासन प्रबंधक रामजन्म चौबे, वरिष्‍ठ मंडल चिकित्‍सा अधिकारी डॉ. मिनहाज अहमद, उप महाप्रबंधक अनुज कटियार, उप मुख्‍य इंजीनियर साकेत सहित बड़ी संख्या में सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्‍स एम्‍बुलेंस ब्रिगेड, रेवले सुरक्षा बल के सदस्‍य, अधिकारी व कर्मचारी के साथ ही संयुक्‍त

    सचिव,कर्मचारी परिषद श्रीकांत यादव एवं अन्‍य सदस्‍य उपस्थित रहें।कार्यक्रम का सफल संचालन संरक्षा अधिकारी अनूप सिंह वत्‍स द्वारा किया गया ।

  • एनटीपीसी-विंध्याचल द्वारा 10 कर्मचारियों के सेवानिवृत होने पर दी गई भावभीनी विदाई

    एनटीपीसी-विंध्याचल परियोजना मे दिनांक 31.12.2024 को अपनी दीर्घ सेवा देने के पश्चात कुल 10 कर्मचारी
    सेवानिवृत्त हुए।

    सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी इस प्रकार से हैं : – अतुल मरखेडकर,अपर महाप्रबंधक(नगर अनुरक्षण),परशुराम देव, वरिष्ठ प्रबंधक(सुरक्षा),ऋषि नारायण सिंह,अभियंता(ईधन प्रबंधन), उमेश
    कुमार पाण्डेय, अभियंता/एसएलपीएस(प्रचालन),राजमणि पटेल, अभियंता/एसएलपीएस(प्रचालन),
    रामजियावन नामदेव, अभियंता/एसएलपीएस(प्रचालन),गोपाल कृष्ण सिरोटिया,
    अधिकारी/एसएलपीएस(चिकित्सा),राम सहाय, प्रचालक(प्रचालन), हरी प्रसाद, प्रचालक(ईधन प्रबंधन) एवं
    लगनधारी चर्मकार, प्रचालक(टीएमडी)।


    एनटीपीसी-विंध्याचल प्रबंधन द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों का सम्मान परियोजना के उमंग भवन के
    सभागार में किया गया। स्वागत की कड़ी में कार्यकारी निदेशक(विंध्याचल) ई सत्य फणि कुमार एवं
    महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण) संजीब कुमार साहा नें सभी सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का पुष्पमाला से
    स्वागत किया। साथ ही परियोजना की यूनियन/एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी पुष्पमाला पहनाकर अतिथि
    कर्मचारियों का स्वागत किया।

    इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ई सत्य फणि कुमार नें सभी सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की
    सराहना करते हुए कहा कि एनटीपीसी-विंध्याचल को वर्तमान ऊंचाइयों तक पहुंचाने में आपके योगदान को हमेशा याद
    रखा जाएगा और एनटीपीसी-विंध्याचल सदा ही आपकी सेवा के लिए आपका कृतज्ञ रहेगा। साथ ही
    महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण) संजीब कुमार साहा नें सभी सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को अपने जीवन
    की नई पारी की नए सिरे से शुरुआत करने हेतु शुभकामनायें दीं तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसी कड़ी
    मे विभागाध्यक्षों ने भी सभी सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को शुभकामनायें दीं तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य की
    कामना की।


    सम्मान की कड़ी में सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों का कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ई सत्य फणि कुमार
    एवं अन्य महाप्रबंधकगणों द्वारा श्री फल, शाल एवं स्मृति-चिन्ह से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त सभी सेवानिवृत्त
    होने वाले कर्मचारियों को एनटीपीसी मे उनके द्वारा दी गई दीर्घ सेवाओं के लिए दीर्घ सेवा प्रमाण-पत्र आदि भी प्रदान
    किया गया ।
    तत्पश्चात सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों ने बारी-बारी से एनटीपीसी से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया।
    सभी नें एनटीपीसी में अपने बिताए समय को अविस्मरणीय कहा । उन्होने कहा कि उनकी पहचान एनटीपीसी के
    कारण ही बनी है और वे अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हैं। इसी के साथ सेवानिवृत्त होने वाले सभी
    कर्मचारियों ने सभी सहकर्मियों को उनके सहयोग एवं सानिध्य के लिए विशेष तौर से धन्यवाद दिया।
    इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोशिएशन के प्रतिनिधिगण, सेवानिवृत होने वाले विभाग
    के कर्मचारीगणों के साथ-साथ एवं उनके परिवार जन भी उपस्थित रहे।
    अभिनंदन समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबन्धक(मानव संसाधन)पुर्णिमा चतुर्वेदी द्वारा
    किया गया। कार्यक्रम के अंत में इस क्षण को अविस्मरणीय बनाने के लिए सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों के साथ
    कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ई सत्य फणि कुमार, मुख्य महाप्रबंधक एवं अन्य महाप्रबंधकगणों के साथ एक
    सामूहिक एवं सभी सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत फोटोग्राफ भी ली गई।

  • डबल इंजन सरकार महाकुम्भ के लिए हर प्रकार की व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर कर रही

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद प्रयागराज में मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए कहा कि आप सबके सहयोग से महाकुम्भ को पूरी भव्यता के साथ यहां पर आयोजित करने का गौरव न सिर्फ डबल इंजन सरकार को बल्कि प्रयागराजवासियों को भी प्राप्त होने जा रहा है। प्रयागराजवासियों से अपील होगी कि स्वच्छता और आतिथ्य सेवा का जो उदाहरण उन्होंने कुम्भ-2019 में प्रस्तुत किया था, उससे अच्छा अवसर इस बार उनके सामने आ रहा है। इस बार भी प्रयागराज आतिथ्य सेवा के साथ-साथ स्वच्छता का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करे।


       मुख्यमंत्री प्रयागराज में महाकुम्भ-2025 के दृष्टिगत समीक्षा बैठक करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रकृति और परमात्मा की कृपा से, भगवान प्रयागराज, द्वादश माधव और माँ गंगा और माँ यमुना की कृपा से महाकुम्भ का यह आयोजन सकुशल सम्पन्न हो, इसके लिए आज यहां बैठक की गई है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज सिटी का कायाकल्प लगभग पूरा हो चुका है। 200 से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ है। इन्हें सिंगल से 02-लेन, 02-लेन से 04-लेन, 04-लेन से 06-लेन बनाया जा चुका है। 14 फ्लाईओवर या आर0ओ0बी0 में से 13 कम्प्लीट हो गए हैं और एक फाइनल स्टेज की तरफ बढ़ रहा है।


    शहर के अन्दर सौंदर्यीकरण के कई कार्य किए गए हैं। सिटी में यह भी व्यवस्था की गई है, कि रेलवे स्टेशनों पर भी होल्डिंग एरिया हों और उसके बाहर भी। मेला प्राधिकरण ने लगभग 5,000 एकड़ क्षेत्रफल में प्रयागराज को जोड़ने वाले मार्गों पर संगम से 02 से 05 किलोमीटर की दूरी पर पार्किंग स्पेस चिन्हित करके उन्हें सक्रिय कर दिया है। हर पार्किंग स्थल पर चौकी होगी, सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होगी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी होगा।
                     मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्भ-2019 में पहली बार पांटून ब्रिज की संख्या को बढ़ाकर 22 किया गया था, जिसे इस बार महाकुम्भ को देखते हुए 30 कर दिया गया है। इसमें 28 पांटून ब्रिज बनकर तैयार हो गए हैं और 02 अगले तीन-चार दिन में बनकर तैयार होंगे। 12 किलोमीटर का अस्थाई घाट यहां पर तैयार किया जा रहा है और सभी लगभग तैयार हैं। अरैल की ओर भी एक पक्का घाट बन रहा है, जिसे अगले दो-तीन दिन के अन्दर कम्प्लीट कर लिया जाएगा। चेकर्ड प्लेट यहां पर लगभग 520 किलोमीटर से अधिक के दायरे में बिछाई जा चुकी हैं। इसी प्रकार से शुद्ध पेयजल के लिए 450 किलोमीटर से अधिक की पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।


                 मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला लगभग अपना शेप ले चुका है। 7,000 से अधिक संस्थाएं अब तक आ चुकी हैं। डेढ़ लाख से अधिक टेंट की व्यवस्था मेला प्राधिकरण की ओर से की गई है। देश और दुनिया प्रयागराज महाकुम्भ आने के लिए उत्सुक है। लोग उत्तर प्रदेश और देश के इस सबसे बड़े आध्यात्मिक और धार्मिक समागम को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं। 144 वर्ष के बाद महाकुम्भ का यह मुहूर्त आ रहा है और इसके लिए हर प्रकार की व्यवस्थाएं डबल इंजन सरकार यहां युद्धस्तर पर कर रही है।
                 मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा का पहला स्नान यहां पर सम्पन्न होगा। 14 जनवरी मकर संक्रांति को दूसरा स्नान होगा, जो अमृत स्नान भी होगा। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या का स्नान होगा, जो मुख्य स्नान में से एक है, जिसमें सबसे ज्यादा भीड़ आएगी। हमारा अनुमान है कि इस दिन 06 से 08 करोड़ श्रद्धालु यहां पर आएंगे और उस अमृत स्नान में सहभागी बनेंगे। यह एक बहुत पवित्र मुहूर्त भी होगा। 03 फरवरी को बसंत पंचमी है, फिर 12 फरवरी और 26 फरवरी, यह दो स्नान समेत यहां पर कुल छह स्नान होने हैं। मुख्य स्नान के दिन कोई भी प्रोटोकॉल नहीं होगा। प्रमुख स्नान के अवसर पर पूज्य संतों के लिए, श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की व्यवस्था भी रहेगी।

  • सेल,राउरकेला इस्पात संयंत्र द्वारा निदेशक प्रभारी,  अतनु भौमिक को भावभीनी विदाई

    सुंदरगढ़।सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ‘मंथन’ सम्मलेन कक्ष में आयोजित एक समारोह में निदेशक प्रभारी,  अतनु भौमिक को भावभीनी विदाई दी गई। निदेशक प्रभारी, बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल),  बीरेंद्र कुमार तिवारी, जिन्होंने, आरएसपी के निदेशक प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार संभाला, कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल हुए। कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन),तरुण मिश्रा,कार्यपालक निदेशक प्रभारी (संकार्य),आलोक वर्मा, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा),  ए के बेहुरिया,कार्यपालक निदेशक (परिचालन),  बिस्वरंजन पलाई, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन),  अनिल कुमार, कार्यपालक निदेशक (खान),एम पी सिंह,कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ),  सुदीप पाल चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक और विभागाध्यक्ष शामिल हुए। तरुण मिश्रा ने भौमिक को सेवा प्रमाणपत्र सौंपा।

    तिवारी ने कार्यक्रम के दौरान आरएसपी के निदेशक प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार संभाला।तिवारी ने बोकारो में  भौमिक के संक्षिप्त कार्यकाल के दौरान उनके साथ अपने मधुर संबंधों को याद किया और बताया कि कैसे उनके व्यक्तित्व ने उन्हें बोकारो में बेहद लोकप्रिय बना दिया। उन्होंने बोकारो में कार्य संस्कृति में आए बदलाव का श्रेय भी भौमिक को दिया। उन्होंने कहा, “ भौमिक ने एक उदाहरण पेश किया है कि कैसे बिना गुस्सा किए या दंडात्मक कार्रवाई किए प्यार और दया के साथ काम किया जा सकता है।” सेल बिरादरी की ओर से उन्होंने कंपनी के लिए उनकी अविश्वसनीय सेवा और कई अमिट छाप छोड़ने के लिए श्री भौमिक के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। 

    सभी कार्यपालक निदेशकों और मुख्य महाप्रबंधकों ने भी भौमिक के साथ काम करने के अपने विचार और अनुभव साझा किए और उन्हें दूसरी पारी की शुभकामनाएं दीं। 

    इस अवसर पर बोलते हुए भौमिक ने कहा, “बचपन से ही मैं हमेशा आरएसपी की सेवा करने का सपना देखता था, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इस संगठन का नेतृत्व करूंगा।” अपनी सफलता का श्रेय सभी सहकर्मियों और जूनियर्स को उनके अटूट समर्थन के लिए देते हुए उन्होंने आगे कहा, “हमने इस यात्रा में कई चुनौतियों और बाधाओं का सामना किया है। फिर भी हम आरएसपी कर्मीसमूह के समर्पण और टीम वर्क के कारण उनमें से प्रत्येक पर विजय प्राप्त किया ।” उन्होंने आरएसपी कर्मीसमूह को उत्कृष्टता की खोज में लगे रहने के लिए प्रोत्साहित किया। 

    महाप्रबंधक (जन संपर्क) एवं संचार मुख्य, अर्चना शत्पथी ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित किया । उप प्रबंधक (एचआर-ओडी), सिम्पी पटेल ने कार्यक्रम का समन्वय किया।

  • सेल को दूसरी बार ग्रेट प्लेस टू वर्क का प्रमाण पत्र प्राप्त

    सुंदरगढ़।स्टीलअथॉरिटीऑफइंडियालिमिटेड (सेल) ने जनवरी 2025 से जनवरी 2026 की अवधि के लिए ग्रेटप्लेसटूवर्कइंस्टीट्यूट, इंडिया द्वारा प्रतिष्ठित ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ प्रमाणन प्राप्त किया है। सेल ने लगातार दूसरी बार यह प्रमाणन प्राप्त किया है। कंपनी को शुरू में दिसंबर 2023 से दिसंबर 2024 की अवधि के लिए प्रमाणित किया गया था।

    सेल को लगातार दूसरी बार यह वैश्विक मान्यता, कंपनी के मानव संसाधन विभाग के इनोवेटिव पहलों को उजागर करता है। कंपनी के प्रमुख मानव संसाधन पहलों में वर्क फ्रॉम अदर दैन वर्कप्लेस (WoW) योजना के अलावा शहर-आधारित कर्मचारियों के लिए फ्लेक्सिबल टाइमिंग, लिंक्डइन लर्निंग हब के माध्यम से खुद से सीखना, नैसकॉम के साथ उच्च-स्तरीय आईटी और डिजिटल प्रशिक्षण, ई-पाठशाला के माध्यम से नवीनतम  शिक्षण सामग्री तक पहुंच, आईआईएम और एएससीआई के सहयोग से नेतृत्व विकास कार्यक्रम, कार्मिक सहायता कार्यक्रमों के तहत ई-परामर्श, डेलोइट के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में वृद्धि और वरिष्ठ कार्यपालकों के लिए नेतृत्व कोचिंग आदि शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य उत्पादकता को बढ़ावा देना, कर्मचारियों को भविष्य की तकनीकी प्रगति के लिए तैयार करना और उनकी क्षमता का पूरा उपयोग करना है।

    ग्रेट प्लेस टू वर्क इंस्टीट्यूट, एक वैश्विक संगठन है, जो कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से उत्कृष्ट कर्मचारी अनुभव  प्रदान करने वाले संगठनों को मान्यता देता है। सेल ने ग्रेट प्लेस टू वर्क इंस्टीट्यूट द्वारा किए गए गहन सर्वेक्षण के बाद एक बार फिर से प्रमाणन प्राप्त किया है, जो सेल के कर्मचारियों से सीधे फीडबैक पर आधारित है।

    सेल के अध्यक्ष श्री अमरेंदु प्रकाश ने कहा, “सेल को लगातार ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ के रूप में प्रमाणन मिलना विश्वास, सहयोग और कार्मिक सशक्तिकरण पर आधारित कार्यस्थल वातावरण को बढ़ावा देने की कंपनी की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। यह प्रमाणन पूरे समूह को आगे बढ़ने के लिए और अधिक हासिल करने की दिशा में प्रोत्साहित करेगा।”

  • केक काट कर मनाया गया एनटीपीसी के 47 वेँ स्थापना दिवस 

     औरैया चुनौतियाँ स्वीकार कर उसे योजनाबद्ध तरीके से कार्यान्वित करना एनटीपीसी की फितरत है। बाधाओं को दरकिनार कर अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एनटीपीसी लिमिटेड नए-नए आयाम स्थापित कर रही है।आज एनटीपीसी अपना 47 वाँ स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर एनटीपीसी औरैया में विभन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारम्भ आवासीय परिसर  में  प्रभात फेरी से किया गया। तत्पश्चात् आवासीय परिसर स्थित ग्रीन पार्क में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ  अनिल कुमार सिंह, मुख्य महाप्रबंधक  द्वारा एनटीपीसी ध्वज फहराकर किया गया। इसके उपरांत मुख्य महाप्रबंधक महोदय ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज एनटीपीसी ने अपनी स्थापित क्षमता 66,900 मेगावॉट तक कर ली है। वर्ष 2032 तक एनटीपीसी ने 132 गीगावॉट की स्थापित क्षमता का लक्ष्य प्राप्त करने की योजना बनाई है। रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में भी एनटीपीसी तेजी से कदम बढ़ा रही है। वर्ष 2032 तक सौर ऊर्जा के क्षेत्र में 60 गीगावॉट स्थापित क्षमता का लक्ष्य प्राप्त करना एनटीपीसी की योजना है। उन्होंनें बताया कि औरैया परियोजना भी तेजी से प्रगति-पथ पर अग्रसर है। साथ ही हमारी परियोजना को वित्तीय वर्ष 2020-21 तथा 2021-22 के दौरान कई सम्मान एवं उपलब्धियाँ प्राप्त हुईं। उन्होंनें यह भी कहा कि परियोजना ने सुरक्षा के क्षेत्र में 21 वर्षों से दुर्घटनामुक्ट वर्ष का लक्ष्य प्राप्त किया है।इसके उपरांत  अनिल कुमार सिंह, मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्षों द्वारा जनसमूह की मौजूदगी में केक काटकर एनटीपीसी का स्थापना दिवस मनाया गया। साथ ही विगत माह अक्टूबर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को मुख्य महाप्रबंधक  द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। समारोह के अंत में केंद्रीय कार्यालय से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी लिमिटेड का सम्बोधन सभी कर्मचारियों के लिए लाइव टेलीकास्ट किया गया।