यूपी और बिहार के बीच दोस्ती का जंगल, लतीफशाह में 13 जुलाई को होगी मित्र वन की स्थापना

Spread the love

अपर मुख्य सचिव वन मनोज सिंह और बिहार की एमएलसी निवेदिता करेंगी योजना का शुभारंभ 

नौगढ़। उत्तर प्रदेश और बिहार के बॉर्डर पर लतीफशाह में ‘मित्र वन’ स्थापित करने की योजना बनाई गई है, जिसका शुभारंभ 13 अगस्त, मंगलवार को किया जाएगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह पर्यावरण वन एवं जलवायु, वन संरक्षक सुनील चौधरी और बिहार सरकार की विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह, विधायक चकिया कैलाश आचार्य मुख्य अतिथि होंगे।

परियोजना के तहत तीन हेक्टेयर में फैले इस वन में दोनों राज्यों की प्रजातियों के 4800 पौधे रोपे जाएंगे। यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगा, बल्कि यूपी और बिहार के अधिकारियों के बीच संवाद और सहयोग को भी मजबूत करेगा। इस पहल से सीमा क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर के अंतर्गत चकिया रेंज के लतीफ शाह में स्थापित होने वाला यह ‘मित्र वन’ दोनों राज्यों के वनस्पतियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसके अलावा, यह वन दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच परस्पर संवाद और मित्रता का प्रतीक बनेगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश और बिहार के उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जिनमें जिला पदाधिकारी भभुआ सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक  ललित मोहन शर्मा, वन मंडल पदाधिकारी कैमूर चंचल प्रकाश, उप विकास आयुक्त ज्ञान प्रकाश, जिलाधिकारी चंदौली निखिल टीकाराम फंडे और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे शामिल होंगे। 

 ‘मित्र वन’ की परियोजना की निगरानी दोनों राज्यों के वन कर्मियों द्वारा की जाएगी ताकि पौधों का संरक्षण और विकास सही तरीके से हो सके- दिलीप श्रीवास्तव, डीएफओ

Leave a Reply

Your email address will not be published.