मुख्यमंत्री ने विधानसभा के पूर्व व वर्तमान सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की

Spread the love

श्री मानवेन्द्र सिंह छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे, जनता में लोकप्रियता के साथ-साथ उनकी छवि सौम्य एवं विनम्र जनप्रतिनिधि की : मुख्यमंत्री

डॉ0 शिव प्रताप यादव जनप्रतिनिधि के रूप में अपने क्षेत्र के विकास, पिछड़े व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए सतत प्रयत्नशील रहे

लखनऊ / मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व व वर्तमान सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधानसभा के सदस्य श्री मानवेन्द्र सिंह जी का 05 जनवरी, 2024 को लगभग 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। हम सबके लिए उनका असमय निधन अत्यंत दुःखद है। श्री मानवेन्द्र सिंह जी इस सदन के दो बार निर्वाचित सदस्य थे। वह सर्वप्रथम वर्ष 2017 में तथा वर्ष 2022 में लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर निर्वाचन क्षेत्र ददरौल, जिला शाहजहांपुर से विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। वह विधानसभा की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियां के भी सदस्य रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवेन्द्र सिंह छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे। उनका दीर्घ राजनैतिक जीवन रहा है। जनता में लोकप्रियता के साथ-साथ उनकी छवि सौम्य एवं विनम्र जनप्रतिनिधि की थी। वह वर्ष 1977-78 में एस0एस0 कॉलेज शाहजहांपुर छात्र संघ के अध्यक्ष रहे। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा का प्रारम्भ छात्र जीवन से ही कर दिया था। वर्ष 1992 से 1995 तक जिला पंचायत, शाहजहांपुर के अध्यक्ष रहे। इसके अतिरिक्त वह जिला सहकारी बैंक, शाहजहांपुर के संचालक तथा स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय, शाहजहांपुर की प्रबन्ध समिति के उपाध्यक्ष भी रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवेन्द्र सिंह ने किसानों तथा युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया तथा अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रति समर्पित रहे। सदन के वरिष्ठ एवं अनुभवी सदस्यों का निधन इस सदन के लिए दुःखद है, उनकी कमी इस सदन में सदैव बनी रहेगी। श्री मानवेन्द्र सिंह के निधन से प्रदेश की अपूर्णीय क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान विधानसभा के ही सदस्य डॉ0 शिव प्रताप यादव का 26 जनवरी, 2024 को लगभग 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से हम सभी दुःखी हैं। वह इस सदन के वरिष्ठ सदस्य थे। वह वर्तमान विधानसभा में चौथी बार निर्वाचित होकर आए थे। सर्वप्रथम वर्ष 1993 के मध्यावधि चुनाव में, तत्पश्चात वर्ष 2002, 2012 तथा 2022 में निर्वाचन क्षेत्र गैंसड़ी, जिला बलरामपुर से समाजवादी पार्टी के टिकट पर इस सदन के लिए निर्वाचित हुए थे।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 शिव प्रताप यादव , मुलायम सिंह यादव तथा अखिलेश यादव मंत्रिमण्डल में विभिन्न विभागों के राज्य मंत्री तथा विधानसभा की विभिन्न समितियों के सदस्य रहे। वह अपने क्षेत्र के लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने अपने जीवन का आरम्भ एक शिक्षक के रूप में किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रचार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। वह कृषक बालिका इण्टर कॉलेज, गोंडा तथा मसौली कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गैंसड़ी, जिला बलरामपुर के अध्यक्ष भी रहे। वह वर्ष 2004 से 2007 तक उत्तर प्रदेश वित्त निगम के अध्यक्ष रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ0 शिव प्रताप यादव विभिन्न सामाजिक और राजनैतिक आन्दोलनों के अन्तर्गत गोंडा तथा बलरामपुर जिला कारागार में बन्दी रहे। समाज सेवा व राजनीतिक कार्यों के साथ-साथ उनकी अध्ययन व लेखन में रुचि थी। जनप्रतिनिधि के रूप में वह अपने क्षेत्र के विकास, समाज तथा पिछड़े व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए भी सतत प्रयत्नशील रहे। उनके निधन से प्रदेश ने कुशल राजनीतिज्ञ खो दिया है।
मुख्यमंत्री ने सदन के पूर्व सदस्य मोबीन अहमद आज़मी, सतीश चन्द्र, जटाशंकर सिंह, मोहम्मद इरशाद खान, जगदीश गांधी तथा डॉ0 सुरेश संगल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.