सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा की जन चौपाल विधानसभा 401 के चतरा ब्लॉक अंतर्गत डोमरिया चेरो बस्ती में आयोजित की गई। जन चौपाल को संबोधित करते हुए मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने बिजली विभाग की ओटीएस योजना और मनमानी बिलिंग पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में जहां भी जाते हैं, आम लोग एक ही पीड़ा बताते हैं कि घर में मात्र पांच बल्ब और एक टेबल फैन होने के बावजूद लाखों रुपये का बिजली बिल थमा दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि तीन-तीन लाख रुपये तक के बिल आ रहे हैं, जिसे चुकाना उनके बस में नहीं है।संदीप मिश्रा ने कहा कि सरकार एक ओर मुफ्त राशन देने का दावा कर अपनी पीठ थपथपाती है, वहीं उसी राशन कार्डधारी गरीब परिवारों पर शोषणकारी बिजली बिल लादकर उन्हें कराहने को मजबूर कर दिया गया है। सत्ता में बैठे लोग अहंकार में डूबे हुए हैं और जनता के दुख-दर्द से उनका कोई सरोकार नहीं रह गया है।मोर्चा संयोजक ने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में बिजली विभाग की मनमानी बिलिंग के खिलाफ जिला मुख्यालय पर एक बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने परिवारजनों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।कार्यक्रम में प्रद्युम्न बिंद, रामरक्षा बिंद, विनोद चेरो, बाबूलाल चेरो, वकील प्रजापति, विजय जायसवाल, बरमतिया चेरो, फूलवती, आकाश, विजय, शत्रुधन, विवेक, धीरज और अजय सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
